
हरिद्वार / पथरी। जनपद में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए हरिद्वार पुलिस लगातार सख्त रुख अपनाए हुए है। इसी क्रम में थाना पथरी पुलिस ने ऑपरेशन “प्रहार” के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए बिना नंबर प्लेट और स्टंटबाजी करने वाले वाहन चालकों पर शिकंजा कसा है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के पर्यवेक्षण में चौकी फेरूपुर क्षेत्र में चलाए गए विशेष चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस ने ऐसे वाहन चालकों को चिन्हित किया, जो बिना नंबर प्लेट के वाहन चला रहे थे और सार्वजनिक स्थानों पर लापरवाहीपूर्वक ड्राइविंग करते हुए हुड़दंग व स्टंटबाजी कर रहे थे।
कार्रवाई करते हुए पुलिस ने कुल 15 मोटरसाइकिलों को मोटर वाहन अधिनियम के तहत सीज किया। साथ ही संबंधित चालकों के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की गई और भविष्य में इस तरह की हरकतें न दोहराने की सख्त चेतावनी दी गई।
पुलिस का कहना है कि इस प्रकार के अभियान आगे भी जारी रहेंगे। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ न केवल चालान किया जाएगा, बल्कि आवश्यकतानुसार कड़ी वैधानिक कार्रवाई भी की जाएगी।
पुलिस टीम में थानाध्यक्ष रविन्द्र कुमार, चौकी प्रभारी फेरूपुर उपनिरीक्षक विपिन कुमार, कांस्टेबल अनिल पंवार, जयपाल चौहान, दौलतराम एवं सुबोध शर्मा शामिल रहे।
