हरिद्वार। कोतवाली रानीपुर क्षेत्र में बीएचईएल फाउंड्री गेट के पास मंगलवार 21 अप्रैल की रात हुई फायरिंग की घटना का पुलिस ने महज 8 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। इस मामले में 02 नाबालिग सहित 05 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जिनके कब्जे से 02 तमंचे (315 बोर), 01 जिंदा कारतूस और 03 अवैध चाकू बरामद किए गए हैं। घटना में हन्नी और उसके दोस्त वंशु पर 8-10 युवकों ने हमला किया था, जिसमें फायरिंग के दौरान वंशु के हाथ में गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया था। पीड़ित की तहरीर पर बुधवार 22 अप्रैल को मुकदमा दर्ज होने के बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर तत्काल टीम गठित कर कार्रवाई शुरू की गई और धीरवाली रोड स्थित भागोवाली मैदान से आरोपियों को दबोच लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों में फरहान (18 वर्ष), अनमोल उर्फ धीरेन्द्र बक्शी (24 वर्ष), सागर उर्फ पहाड़ी (22 वर्ष) तथा दो विधि विवादित किशोर शामिल हैं। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी सोशल मीडिया पर “BAAZ” नाम से गैंग चलाते हैं और अवैध हथियारों के दम पर लोगों को डराकर अपना वर्चस्व कायम करते हैं। पुलिस के अनुसार घटना पुरानी रंजिश के चलते हुई, क्योंकि घायल वंशु पहले भी इनके खिलाफ मामलों में गवाह रह चुका था। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ शस्त्र अधिनियम सहित अन्य धाराओं में कार्रवाई शुरू कर दी है, जबकि अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक मनोहर सिंह भण्डारी, उपनिरीक्षक नन्दकिशोर ग्वाडी, हेड कांस्टेबल विमल नेगी, हेड कांस्टेबल जितेन्द्र चौधरी, कांस्टेबल विवेक गुसांई, कांस्टेबल सुमन डोभाल और कांस्टेबल राजपाल सिंह शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *