हरिद्वार। उत्तराखंड नगरी फेरी नीति नियमावली के तहत शुक्रवार देर शाम नगर आयुक्त कार्यालय में नगर आयुक्त नंदन कुमार की अध्यक्षता में फेरी समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में नए वित्तीय वर्ष के अंतर्गत स्ट्रीट वेंडर्स को लाइसेंस एवं विक्रय प्रमाण पत्र जारी करने, कारोबार के लिए स्थान सुनिश्चित करने, शहरी स्थानीय निकाय मिशन (ULB) योजना के तहत नए वेंडिंग जोन विकसित करने तथा प्रतिबंधित वेंडिंग जोन तय करने समेत चार बिंदुओं पर चर्चा की गई।
बैठक में सिटी मिशन मैनेजर अंकित रमोला एवं वरिष्ठ लिपिक शिव सिंह चौहान ने एजेंडा प्रस्तुत किया। स्ट्रीट वेंडर्स और लघु व्यापारी संगठनों का प्रतिनिधित्व करते हुए फेरी समिति सदस्य एवं लघु व्यापार एसोसिएशन के प्रांतीय अध्यक्ष संजय चोपड़ा ने कुंभ मेला 2027 को ध्यान में रखते हुए दीपावली से पूर्व नए वेंडिंग जोन विकसित करने का प्रस्ताव नगर आयुक्त के समक्ष रखा।
नगर आयुक्त नंदन कुमार ने बताया कि उत्तराखंड सरकार के निर्देशानुसार दीनदयाल उपाध्याय पार्किंग के निकट, भगत सिंह चौक से सेक्टर-2 बैरियल तक तथा उत्तरी हरिद्वार दूधाधारी चौक और पवन धाम के सामने चार नए वेंडिंग जोन विकसित करने के प्रस्ताव शासन को भेजे गए थे, जिनमें से दो को वित्तीय स्वीकृति मिल चुकी है। उन्होंने कहा कि शहरी स्थानीय निकाय मिशन योजना के तहत नगर निगम में पंजीकृत सभी स्ट्रीट वेंडर्स को व्यवस्थित ढंग से स्वरोजगार उपलब्ध कराने की प्रक्रिया जारी है।
इस अवसर पर संजय चोपड़ा ने केंद्र और राज्य सरकार के साथ नगर आयुक्त का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि फेरी समिति की बैठक में सभी बिंदुओं पर स्ट्रीट वेंडर संगठनों ने सहमति जताई है। उन्होंने मांग की कि कुंभ मेला 2027 को देखते हुए नगर निगम प्रशासन सभी क्षेत्रों का सर्वे कराकर पंजीकृत रेड़ी-पटरी व्यवसायियों को प्राथमिकता के आधार पर स्थायी स्वरोजगार स्थल उपलब्ध कराए।
उन्होंने कहा कि नगर निगम से लाइसेंस और विक्रय प्रमाण पत्र प्राप्त स्ट्रीट वेंडर्स शहरवासियों को रोजमर्रा की आवश्यक वस्तुएं उपलब्ध कराने के साथ अपने परिवारों का भरण-पोषण कर रहे हैं। ऐसे व्यापारियों को शहरी समृद्धि योजना से जोड़कर सामाजिक सुरक्षा प्रदान करना न्यायसंगत होगा।
बैठक में पुलिस प्रशासन, सिंचाई विभाग, उत्तर प्रदेश-उत्तराखंड रुड़की, हरिद्वार विकास प्राधिकरण, बैंक लीड अधिकारी, नगर निगम प्रशासन के अधिकारी-कर्मचारियों सहित फेरी समिति सदस्य राजकुमार, कमल सिंह, तस्लीम अहमद, मोनू तोमर, सुमन गुप्ता, आशा कश्यप तथा व्यापारी संगठनों के प्रतिनिधि सुनील कुकरेती, फूल सिंह, मोहनलाल, उमेश कुमार और जय भगवान प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *