हरिद्वार। जगद्गुरु आदि शंकराचार्य की जयंती के अवसर पर श्री अखंड परशुराम अखाड़े के अध्यक्ष पंडित अधीर कौशिक ने अखाड़े के कार्यकर्ताओं के साथ शंकराचार्य चौक स्थित जगतगुरु शंकराचार्य की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया। इस अवसर पर पंडित अधीर कौशिक ने कहा कि जगद्गुरू शंकराचार्य ने भारत के चारों कोनों चार मठों की स्थापना कर पूरे देश को एकता के सूत्र में बांधा। देश की एकता अखंडता को मजबूत करने में निर्णायक भूमिका निभाने वाले महान समाज सुधारक वेदों के ज्ञाता जगद्गुरु आदि शंकराचार्य के जीवन से हमें प्रेरणा मिलती है। पंडित अधीर कौशिक ने कहा कि शंकराचार्य ने समाज को ढोंग पाखंड के प्रति जागरूक किया और नया दृष्टिकोण दिया। उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी वेदों का अध्ययन कर देश को सनातन संस्कृति की ओर प्रेरित करें। उन्होंने युवा पीढ़ी से आह्वान किया कि जगतगुरु आदि शंकराचार्य के पद चिन्हों पर चलकर राष्ट्र की एकता में भागीदारी बने। स्वामी कार्तिक महाराज एवं भागवताचार्य पंडित पवन कृष्ण शास्त्री ने कहा कि जगदगुरु आदि शंकराचार्य का जीवन मानव सेवा के लिए समर्पित रहा। उन्होंने देश सेवा के मार्ग पर चलकर समाज को एकता के सूत्र में बांधा और आडंबरों के प्रति लोगों को सचेत किया। सभी को उनके जीवन दर्शन सेे प्रेरणा लेनी चाहिए। इस दौरान सुनील प्रजापति, विनोद मिश्रा, आचार्य विष्णु, ऋषि शर्मा सहित कई लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *