हरिद्वार / पथरी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के नेतृत्व में वाहन चोरों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना पथरी पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी करने वाले एक शातिर गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनकी निशानदेही पर चोरी की छह मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं।
जानकारी के अनुसार थाना पथरी में 21 जून 2026 को मोटरसाइकिल चोरी के दो मुकदमे (मु.अ.सं. 301/26 एवं 302/26) दर्ज किए गए थे। मामलों की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी हरिद्वार ने चोरी गई मोटरसाइकिलों की शीघ्र बरामदगी और आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे।
निर्देशों के अनुपालन में थाना पथरी पुलिस ने घटनास्थलों का निरीक्षण कर मैनुअल पुलिसिंग के साथ-साथ डिजिटल साक्ष्यों का गहन विश्लेषण किया। इसी क्रम में 21 जून की रात्रि को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने घुण्टी चौक जाने वाले मार्ग से दो संदिग्ध युवकों को हिरासत में लिया। पूछताछ में दोनों ने मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर विभिन्न स्थानों से चोरी की कुल छह मोटरसाइकिलें बरामद कीं। बरामद वाहनों के संबंध में विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस का मानना है कि आरोपियों से पूछताछ में अन्य चोरी की घटनाओं के भी खुलासे हो सकते हैं।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुधांशु पुत्र पवन तथा मनीत पुत्र श्याम सिंह निवासी ग्राम धनपुरा, थाना पथरी, जनपद हरिद्वार के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
इस कार्रवाई को सफल बनाने वाली पुलिस टीम में थानाध्यक्ष रविन्द्र कुमार, उपनिरीक्षक महेन्द्र पुंडीर, अपर उपनिरीक्षक जसवन्त बिष्ट, कांस्टेबल नवीन कुमार एवं कांस्टेबल जितेन्द्र पुंडीर शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *