
हरिद्वार / पिरान कलियर। कोतवाली पिरान कलियर पुलिस ने नाबालिग लड़की के अपहरण के मामले का 24 घंटे के भीतर सफल खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने अपहृत नाबालिग को सकुशल बरामद कर लिया है। मामले में आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के साथ पोक्सो एक्ट की धाराएं भी बढ़ा दी गई हैं।
पुलिस के अनुसार 27 जून 2026 को बेड़पुर निवासी एक व्यक्ति ने कोतवाली पिरान कलियर में तहरीर देकर बताया कि उसकी नाबालिग पुत्री को नितिन उर्फ रामकुमार पुत्र रामपाल निवासी ग्राम सोहलपुर, थाना कलियर शरीफ बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। तहरीर के आधार पर कोतवाली पिरान कलियर में मु.अ.सं. 137/2026 दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर प्रभारी कोतवाली ने विशेष पुलिस टीम गठित की। टीम ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से बेड़पुर, इमलीखेड़ा, कलियर, रुड़की मार्ग, बस अड्डे, रेलवे स्टेशन और आसपास के क्षेत्रों में तलाश अभियान चलाया।
लगातार प्रयासों के बाद पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर माजरी चौक, इमलीखेड़ा क्षेत्र से आरोपी नितिन उर्फ रामकुमार को गिरफ्तार कर लिया तथा उसके कब्जे से नाबालिग को सकुशल बरामद कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने नाबालिग को विवाह का झांसा देकर अपने साथ ले जाने की बात स्वीकार की। इसके बाद पुलिस ने मामले में पोक्सो एक्ट की धाराएं भी जोड़ दीं। बरामद नाबालिग को नियमानुसार जिला बाल कल्याण समिति के समक्ष प्रस्तुत कर संरक्षण में भेज दिया गया है। मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई जारी है।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में प्रशिक्षु क्षेत्राधिकारी एवं प्रभारी कोतवाली पिरान कलियर द्विव्येश उपाध्याय, उपनिरीक्षक शहजाद अली, महिला उपनिरीक्षक अंशु चौधरी (विवेचक), हेड कांस्टेबल बबलू कुमार तथा महिला होमगार्ड डिम्पल शामिल रहे।
