हरिद्वार। सावन माह में चल रही कांवड़ यात्रा अपने चरम पर पहुंच गई है। देशभर से लाखों की संख्या में शिवभक्त हरिद्वार पहुंच रहे हैं और हरकी पैड़ी से गंगाजल लेकर अपने गंतव्य की ओर रवाना हो रहे हैं। कांवड़ियों की सेवा के लिए हरिद्वार में जगह-जगह भंडारे लगाए गए हैं।
इसी क्रम में भाजपा पार्षद एवं समाजसेवी भूपेंद्र कुमार की ओर से हरिद्वार-दिल्ली हाईवे पर भंडारे का आयोजन किया जा रहा है। लगातार तीसरे दिन भी भंडारा जारी रहा, जिसमें बड़ी संख्या में कांवड़ियों और शिवभक्तों ने पहुंचकर भोजन प्रसाद ग्रहण किया।
भंडारे में शिवभक्तों को भोजन प्रसाद के साथ पानी की बोतलें भी वितरित की जा रही हैं। इस सेवा कार्य में रामकृष्ण मिशन कनखल के संतों का भी आशीर्वाद भूपेंद्र कुमार को प्राप्त हो रहा है।
भाजपा पार्षद भूपेंद्र कुमार ने कहा कि महादेव की कृपा से वह हर वर्ष कांवड़ यात्रा के दौरान भंडारे का आयोजन कर शिवभक्तों की सेवा करते हैं। इस वर्ष भी भंडारा शुरू किया गया है और कांवड़ यात्रा के दौरान लगातार सेवा कार्य जारी रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि शिवभक्तों की सेवा करना उनके लिए सौभाग्य की बात है।
उन्होंने हरिद्वारवासियों से भी अपील की कि गंगाजल लेने हरिद्वार पहुंचे शिवभक्तों की सेवा के लिए आगे आएं और कांवड़ यात्रा को सफल बनाने में अपना योगदान दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *