
हरिद्वार। NEET (UG)-2026 परीक्षा के शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष आयोजन के लिए हरिद्वार पुलिस ने व्यापक सुरक्षा तैयारियां पूरी कर ली हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के निर्देशन में रविवार, 21 जून को आयोजित होने वाली परीक्षा के मद्देनजर शनिवार को पुलिस लाइन रोशनाबाद स्थित बहुद्देशीय हॉल में ड्यूटी पर नियुक्त पुलिस बल की ब्रीफिंग की गई।
एसपी क्राइम एवं परीक्षा की नोडल अधिकारी निशा यादव की अध्यक्षता में आयोजित ब्रीफिंग में पुलिस अधिकारियों ने परीक्षा ड्यूटी में तैनात जवानों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान एसपी सिटी और एसपी देहात ने भी अपने अनुभव साझा करते हुए सुरक्षा व्यवस्था को लेकर महत्वपूर्ण सुझाव दिए।
अधिकारियों ने पुलिसकर्मियों को परीक्षा केंद्रों पर तलाशी अभियान पूरी सतर्कता से चलाने, संदिग्ध व्यक्तियों पर विशेष नजर रखने तथा किसी भी अवांछित गतिविधि की सूचना तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को देने के निर्देश दिए। साथ ही सभी जवानों को मेटल डिटेक्टर एवं अन्य आवश्यक उपकरण समय से प्राप्त कर निर्धारित समय से पहले ड्यूटी स्थल पर पहुंचने के लिए कहा गया।
परीक्षा के लिए जनपद हरिद्वार में कुल 12 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें 08 केंद्र देहात क्षेत्र तथा 04 केंद्र नगर क्षेत्र में स्थित हैं। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए पूरे परीक्षा क्षेत्र को 05 जोन और 12 सेक्टर में विभाजित किया गया है। प्रत्येक जोन और सेक्टर की निगरानी के लिए अधिकारियों की तैनाती की गई है।
पुलिस विभाग के पुरुष एवं महिला कर्मियों के अलावा अन्य संबंधित विभागों के कर्मचारियों की भी परीक्षा ड्यूटी में तैनाती की गई है। वहीं संबंधित थाना प्रभारी अपने-अपने क्षेत्रों में स्थित परीक्षा केंद्रों के आसपास लगातार भ्रमण कर असामाजिक एवं आपराधिक तत्वों पर नजर रखेंगे।
