
हरिद्वार। जनपद के सराय ग्राम में उस समय हड़कंप मच गया जब एक मकान के पानी के टैंक में बड़ी संख्या में सांप के बच्चे दिखाई दिए। टैंक में एक-दो नहीं बल्कि कुल 27 सांप के बच्चे पाए गए, जिन्हें बाद में वन विभाग की टीम ने सुरक्षित रेस्क्यू कर बाहर निकाला।
जानकारी के अनुसार घर के लोगों ने जब पानी के टैंक के अंदर झांककर देखा तो वहां दर्जनों सांप के बच्चे घूमते नजर आए। एक साथ इतनी बड़ी संख्या में सांपों को देखकर परिवार के सदस्य घबरा गए और ग्रामीणों में भी दहशत फैल गई। आसपास के लोग मौके पर एकत्र हो गए और घटना क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गई।
घटना की सूचना तत्काल वन विभाग को दी गई। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। टीम के साथ पहुंचे स्नेक कैचर तालिब और भोला ने कड़ी मशक्कत के बाद रेस्क्यू अभियान चलाकर सभी सांपों को सुरक्षित बाहर निकाला।
रेंज अधिकारी शीशपाल सिंह ने बताया कि पानी के टैंक से कुल 27 सांप के बच्चे बरामद किए गए हैं। सभी को सुरक्षित रेस्क्यू कर प्राकृतिक वातावरण में छोड़ने की कार्रवाई की गई। उन्होंने लोगों से अपील की कि सांप दिखाई देने पर घबराएं नहीं और स्वयं पकड़ने का प्रयास करने के बजाय वन विभाग को सूचना दें।
रेस्क्यू अभियान के दौरान मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा रही। वहीं, टैंक से निकाले गए सांपों का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे देखकर लोग हैरानी जता रहे हैं।
