
उत्तराखण्ड / देहरादून। राजधानी देहरादून के दून विहार क्षेत्र में सोमवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक नई स्कॉर्पियो कार अचानक आग की चपेट में आ गई। देखते ही देखते वाहन आग के गोले में तब्दील हो गया। गनीमत रही कि कार में सवार सभी लोग पहले ही सुरक्षित बाहर निकल चुके थे, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
जानकारी के अनुसार स्कॉर्पियो उत्तर प्रदेश के पीलीभीत के एक चेयरमैन की बताई जा रही है। कार में दो बुजुर्ग महिलाएं, दो युवतियां और दो छोटे बच्चे सवार थे। सभी लोग जाखन स्थित वाइन शॉप के पास अपने एक रिश्तेदार के घर आए हुए थे। वाहन से उतरने के बाद चालक ने कार को पार्किंग में खड़ा कर दिया। इसी दौरान अचानक वाहन में आग लग गई और कुछ ही देर में लपटों ने पूरी गाड़ी को अपनी चपेट में ले लिया।
घटना की सूचना मिलते ही जाखन चौकी प्रभारी सूरज कंडारी और चीता पुलिस के जवान मुकेश बुटोला मौके पर पहुंचे। दोनों पुलिसकर्मियों ने साहस का परिचय देते हुए सीओ₂ सिलेंडर की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया। इस दौरान मौके पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी एकत्र हो गए।
बाद में फायर ब्रिगेड की टीम घटनास्थल पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। दमकल कर्मियों ने वाहन में मौजूद सामान को भी अधिक नुकसान होने से बचा लिया।
प्राथमिक जांच में वाहन में आग लगने का कारण एसी सिस्टम में हुआ शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। हालांकि आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
