हरिद्वार। नगर निगम हरिद्वार द्वारा “आज का कूड़ा, आज ही साफ” अभियान के अंतर्गत शहर के प्रमुख घाटों पर प्रतिदिन एकत्रित होने वाले कूड़े का उसी दिन रात्रि शिफ्ट तक निस्तारण सुनिश्चित किया जा रहा है। कांवड़ मेला एवं श्रद्धालुओं की भारी आवाजाही को देखते हुए नगर निगम ने घाटों पर युद्ध स्तर पर विशेष रात्रिकालीन सफाई अभियान संचालित किया है, जिससे अगले दिन प्रातः श्रद्धालुओं को स्वच्छ एवं साफ-सुथरा वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।
अभियान के तहत नगर निगम की सफाई टीमें देर रात तक लगातार घाटों पर सफाई कार्य में जुटी रहती हैं। मुख्य सफाई निरीक्षक संजय शर्मा के नेतृत्व में तथा सफाई निरीक्षक अनिल कुमार एवं विनय कुमार की निगरानी में घाटों से कूड़ा एकत्र कर तत्काल उठान एवं निस्तारण कराया जा रहा है। सफाई कर्मियों द्वारा घाटों की सीढ़ियों, मार्गों एवं आसपास के क्षेत्रों की भी विशेष सफाई की जा रही है, ताकि कहीं भी कूड़ा जमा न होने पाए।
नगर आयुक्त नंदन कुमार ने कहा, “नगर निगम का लक्ष्य है कि घाटों पर प्रतिदिन उत्पन्न होने वाले कूड़े का उसी दिन पूर्ण रूप से निस्तारण किया जाए। ‘आज का कूड़ा, आज ही साफ’ अभियान के माध्यम से रात्रि शिफ्ट में विशेष सफाई अभियान संचालित किया जा रहा है, जिससे सभी घाट स्वच्छ बने रहें और श्रद्धालुओं को बेहतर एवं स्वच्छ वातावरण उपलब्ध हो। नगर निगम की पूरी टीम इस लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।”
नगर निगम हरिद्वार द्वारा यह अभियान निरंतर जारी है और प्रतिदिन रात्रि शिफ्ट में विशेष सफाई अभियान चलाकर घाटों की स्वच्छता सुनिश्चित की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *