हरिद्वार। सोमवार को एसएमजेएन पीजी कॉलेज में विद्यार्थियों के मार्गदर्शन तथा आगामी शैक्षणिक सत्र में उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय द्वारा विभिन्न पाठ्यक्रमों में प्रवेश के अवसर तथा रोजगारपरक पाठ्यक्रमों की जानकारी उपलब्ध कराने हेतु उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय द्वारा जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं एवम शिक्षकों ने प्रतिभाग किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ अध्ययन केंद्र समन्वयक शिव कुमार चौहान ने मुक्त एवम दूरस्थ शिक्षा के महत्व के बारे में जानकारी देते हुए सभी अतिथियों का स्वागत तथा अभिनन्दन किया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के उपस्थित उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय के अपर निदेशक प्रो. एम.एम. जोशी ने विश्वविद्यालय की गुणवत्ता पूर्ण शिक्षा के प्रति प्रतिबद्धता को दोहराया। उन्होंने कहा कि आज प्रदेश के दूरस्थ क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में छात्र विश्वविद्यालय से जुड़ रहे हैं। उन्होंने परामर्श सत्रों की महत्ता पर जोर देते हुए बताया कि विश्वविद्यालय के शीतकालीन सत्र जनवरी 2026 में छात्र संख्या 40,000 से अधिक हो चुकी है, जो इसकी बढ़ती लोकप्रियता का प्रमाण है।
कार्यक्रम में उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय के विनोद कुमार ने उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि यह संस्था दूरस्थ क्षेत्रों और शिक्षा से वंचित वर्गों तक उच्च शिक्षा पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। उन्होंने कहा कि आगामी शैक्षणिक सत्र में अध्ययन केंद्रों के सामूहिक प्रयासों से अधिक से अधिक छात्रों को मुक्त विश्वविद्यालय से जोड़ा जाएगा।
इस अवसर पर निःशुल्क पुस्तक वितरण कार्यक्रम का आयोजन भी किया गया जिसमें उत्तराखण्ड मुक्त विश्वविद्यालय द्वारा विभिन्न पाठ्यक्रमों तथा विषयों की पुस्तकें वितरित की गयी। इस पुस्तक वितरण कार्यक्रम का लाभ कार्यक्रम में उपस्थित छात्र-छात्राओं और शिक्षकों को मिला। उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय के पुस्तक वितरण कार्यक्रम के समन्वयक दीपांकर जोशी ने कहा कि विद्यार्थियों की ज्ञान सम्पदा के विस्तार हेतु भविष्य में भी विश्वविद्यालय द्वारा इस प्रकार के पुस्तक वितरण कार्यक्रम आयोजित किये जायेंगे।  
कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. सुनील कुमार बत्रा ने महाविद्यालय में अध्ययन केंद्र खोले जाने के लिए विश्वविद्यालय का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि विद्यार्थीगण प्रवेश, परीक्षा, असाइनमेंट या अन्य किसी भी समस्या के समाधान के लिए अध्ययन केन्द्र से संपर्क कर सकते हैं। प्रो. बत्रा ने कहा कि इस जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन न केवल विद्यार्थियों के लिए मार्गदर्शक सिद्ध हुआ हैं, बल्कि उच्च शिक्षा के क्षेत्र में युवाओ की भागीदारी को भी आगे बढ़ाएगा।
इस अवसर पर अधिष्ठाता छात्र कल्याण संजय कुमार माहेश्वरी, लता शर्मा, पूर्णिमा सुंदरियाल, पुनिता शर्मा, पद्मावती तनेजा, आशा शर्मा, मीनाक्षी शर्मा, विजय शर्मा, यादविंदर सिंह, पंकज भट्ट, संजीत कुमार, हेमवंती, नवीन कुमार, सुशील कुमार सहित  अनेक छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *