हरिद्वार। मंगलवार को एसएमजेएन (पीजी) कॉलेज के विज्ञान संकाय (B.Sc.) के छात्र-छात्राओं ने कॉलेज परिसर में पर्यावरण संरक्षण के संकल्प के साथ प्रेरणादायक पौधा रोपण अभियान चलाया। इस कार्यक्रम का शुभारंभ कॉलेज के प्राचार्य प्रो. डॉ. सुनील कुमार बत्रा एवं छात्र कल्याण डीन डॉ. एस.के. माहेश्वरी द्वारा संयुक्त रूप से किया गया।
आगामी ग्रीष्म ऋतु की भीषण तपिश को देखते हुए छात्र-छात्राओं ने कॉलेज को हरा-भरा और सुंदर बनाने के लिए गमलों में विभिन्न प्रकार के पौधों का रोपण किया। छात्र-छात्राओं द्वारा जिनिया, मैडागास्कर पेरिविंकल, सूरजमुखी, स्नेक प्लांट, एलोवेरा, गुलाब के पौधे रोपे गए।
इस अवसर पर प्राचार्य प्रो. डॉ. सुनील कुमार बत्रा ने छात्र-छात्राओं की हृदय से प्रशंसा करते हुए कहा कि युवाओं द्वारा चलाई गई यह मुहिम आने वाले समय में पर्यावरण और प्रकृति के बीच सेतु का कार्य करेगी। उन्होंने ‘पर्यावरण बचाओ, पृथ्वी बचाओ’ का मूल मंत्र देते हुए कहा कि युवाओं का पर्यावरण से जुड़ना न केवल कॉलेज परिसर को सुंदर बनाएगा, बल्कि समाज में भी एक सकारात्मक संदेश प्रसारित करेगा। उन्होंने विद्यार्थियों को इन पौधों के नियमित रख-रखाव और संरक्षण की शपथ भी दिलाई।
डीन डॉ. एस.के. माहेश्वरी ने भी छात्रों के इस प्रयास की सराहना करते हुए इसे सतत विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।
कार्यक्रम के दौरान विज्ञान संकाय के विनीत सक्सेना, प्रिंस, पूर्णिमा सुंदरियाल, मनीषा पांडे, पदमावती तनेजा यादवेन्द सिंह सहित कॉलेज के अन्य शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने संयुक्त रूप से कॉलेज को हरित और स्वच्छ बनाने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *