हरिद्वार / लक्सर। कोतवाली लक्सर पुलिस ने बिना अनुमति ब्लड डोनेशन कैंप लगाकर ग्रामीण क्षेत्रों से रक्त एकत्रित करने के मामले का खुलासा करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी गांव-देहात में लोगों को रक्तदान के लिए प्रेरित कर रक्त एकत्रित करते थे और उसे ब्लड बैंक में जमा कराने के बजाय अन्य राज्यों में ऊंचे दामों पर बेचने का प्रयास करते थे। पुलिस ने अलावलपुर तिराहे पर चेकिंग के दौरान दो वाहनों को रोककर तलाशी ली, जिनसे 27 यूनिट रक्त, 27 खाली ब्लड बैग और रक्त संग्रह से संबंधित उपकरण बरामद हुए।

पुलिस ने स्विफ्ट कार संख्या UK-08-BL-3257 की डिग्गी में रखे आइस बॉक्स से 27 यूनिट रक्त व 27 खाली ब्लड बैग बरामद किए। वहीं स्कॉर्पियो एन कार संख्या UP-20-CD-8085 से 04 ब्लड डोनर चेयर, डोनर फॉर्म बुक, बीपी मशीन, एचबी मशीन, वेट मशीन, ब्लड ग्रुप जांच सामग्री, अमृत चैरिटेबल ब्लड सेंटर के 28 प्रमाणपत्र, स्लाइड का डिब्बा तथा हाथ बांधने वाली 04 बेल्ट बरामद हुईं। इसके अलावा ब्लड यूनिट मापने वाली वेट मशीन भी बरामद की गई। मामले में कोतवाली लक्सर में मु.अ.सं. 829/2026 के तहत धारा 18(सी), 27 ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक्स एक्ट एवं 316(1) बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया गया है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अनित सैनी निवासी फतवा, थाना लक्सर, हरिद्वार, शुभम कुमार निवासी माड़ा बेला, थाना खानपुर, हरिद्वार, दुष्यन्त कुमार निवासी सुरेन्द्र नगर कॉलोनी, बिजनौर, उत्तर प्रदेश, कावेन्द्र कुमार निवासी हरतला, मुरादाबाद, उत्तर प्रदेश तथा दया सिंह निवासी ईसमपुर ढाणा, थाना गीनौर, जनपद सम्भल, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक प्रवीण सिंह कोश्यारी, व0उ0नि0 नितिन चौहान, उपनिरीक्षक बीरेन्द्र सिंह नेगी, उपनिरीक्षक यशवीर सिंह नेगी, कांस्टेबल किशोर नेगी, कांस्टेबल जगत सिंह, कांस्टेबल राजेन्द्र बिष्ट, कांस्टेबल अरविन्द चौहान, कांस्टेबल ध्वजवीर सिंह तथा कांस्टेबल दिगम्बर सिंह शामिल रहे। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार ने कहा कि रक्तदान जैसे पवित्र कार्य की आड़ में अवैध गतिविधियों को अंजाम देने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *