
हरिद्वार / लक्सर। लक्सर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम रणसूरा में जानलेवा फायरिंग मामले में हरिद्वार पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक और फरार आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। लंबे समय से पुलिस से बचने के लिए ठिकाने बदल रहे आरोपी जाहिद को सटीक मुखबिर सूचना के आधार पर दबोच लिया गया। इससे पहले आरोपी के खिलाफ न्यायालय के आदेश पर उद्घोषणा की कार्रवाई करते हुए गांव में ढोल-नगाड़ों के साथ मुनादी भी कराई गई थी।
पुलिस के अनुसार 14 मई 2026 को ग्राम रणसूरा निवासी गुफरान पुत्र मुर्सलीन ने कोतवाली लक्सर में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि विपक्षियों ने उसके साथ मारपीट की और जान से मारने की नीयत से फायरिंग की। इस संबंध में कोतवाली लक्सर में मुकदमा संख्या 450/2026 संबंधित धाराओं में दर्ज किया गया था।
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी हरिद्वार नवनीत सिंह के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण और क्षेत्राधिकारी लक्सर के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। मामले का मुख्य आरोपी एवं मास्टरमाइंड अनीश पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस के मुताबिक फरार आरोपी जाहिद गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था। न्यायालय से उसे उद्घोषित अपराधी घोषित कराए जाने के बाद गांव में मुनादी भी कराई गई, लेकिन वह कानून के शिकंजे से नहीं बच सका। 29 जून 2026 को पुलिस ने गांव रणसूरा में दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया।
हरिद्वार पुलिस ने कहा कि अपराध कर फरार होना किसी भी आरोपी के लिए समाधान नहीं है। पुलिस तकनीकी और भौतिक साक्ष्यों के आधार पर सभी फरार आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार किया जाएगा।
गिरफ्तार आरोपी जाहिद पुत्र यासीन, निवासी ग्राम रणसूरा, थाना लक्सर, जनपद हरिद्वार।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक प्रवीण सिंह कोश्यारी, वरिष्ठ उपनिरीक्षक नितिन चौहान, उपनिरीक्षक दीपक चौधरी (चौकी प्रभारी भिक्कमपुर), हेड कांस्टेबल रियाज अली एवं हेड कांस्टेबल विनोद कुमार शामिल रहे।
