
हरिद्वार। उत्तराखंड में वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज होने लगी हैं। इसी क्रम में हरिद्वार जिले की महत्वपूर्ण हरिद्वार ग्रामीण विधानसभा सीट पर भी चुनावी माहौल बनने लगा है। क्षेत्र के विभिन्न गांवों में भाजपा के युवा नेता एवं किसान मोर्चा के जिला मंत्री शिवा चौहान लगातार जनसंपर्क कर ग्रामीणों से संवाद कर रहे हैं।
हाल ही में हरिद्वार ग्रामीण विधानसभा के कुण्डी गांव में आयोजित एक बैठक में ग्रामीणों ने शिवा चौहान के प्रति समर्थन व्यक्त किया। ग्रामीणों का कहना है कि यदि भाजपा आगामी विधानसभा चुनाव में शिवा चौहान को प्रत्याशी बनाती है तो गांव के लोग उनका पूरा सहयोग करेंगे। बैठक में मौजूद लोगों ने आरोप लगाया कि वर्तमान विधायक ने चुनाव जीतने के बाद क्षेत्र की समस्याओं पर अपेक्षित ध्यान नहीं दिया, जिसके कारण इस बार वे स्थानीय और युवा नेतृत्व को प्राथमिकता देना चाहते हैं।
इस दौरान शिवा चौहान ने पुरानी कुण्डी गांव में चौपाल लगाकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। ग्रामीणों ने बिजली आपूर्ति, जलभराव, राशन कार्ड, आयुष्मान योजना, भूमि के मालिकाना हक, सड़क और अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़े मुद्दे उनके सामने रखे।
शिवा चौहान ने बताया कि बिजली संबंधी शिकायतों के समाधान के लिए उन्होंने विभागीय अधिकारियों से वार्ता की है। साथ ही भूमि के मालिकाना हक से जुड़े मामलों को भी प्रमुखता से उठाने और उनके समाधान के लिए हरसंभव प्रयास करने का भरोसा दिया।
चौपाल के दौरान शिवा चौहान ने वर्तमान कांग्रेस विधायक पर क्षेत्र की उपेक्षा का आरोप लगाते हुए कहा कि हरिद्वार ग्रामीण विधानसभा में विकास कार्य अपेक्षित गति से नहीं हुए और जनता की समस्याओं का समय पर समाधान नहीं किया गया। वहीं, ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र को एक सक्रिय और स्थानीय नेतृत्व की आवश्यकता है, जो जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं का समाधान करा सके।
उत्तराखंड विधानसभा चुनाव 2027 से पहले हरिद्वार ग्रामीण सीट पर बढ़ती राजनीतिक सक्रियता के बीच शिवा चौहान को मिल रहा यह जनसमर्थन क्षेत्र की राजनीति में नई चर्चा का विषय बनता दिखाई दे रहा है।
