हरिद्वार। गुरुवार को जिला महानगर कांग्रेस कमेटी हरिद्वार द्वारा मायापुर स्थित कार्यालय पर जिला महानगर कांग्रेस कमेटी द्वारा महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में उत्तराखंड कांग्रेस के सहप्रभारी सुरेंद्र शर्मा विशेष रूप से उपस्थित रहे। बैठक को संबोधित करते हुए सहप्रभारी सुरेंद्र शर्मा ने हल्द्वानी में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे की जनसभा के बाद भाजपा से जुड़े लोगों द्वारा कार्यक्रम स्थल का कथित रूप से गंगाजल से शुद्धिकरण किए जाने तथा इस पूरे प्रकरण पर सवाल उठाने के कारण लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के विरुद्ध एफआईआर दर्ज किए जाने के विरोध में आगामी 7 सितंबर को देहरादून में मुख्यमंत्री आवास कूच को लेकर व्यापक तैयारियों पर चर्चा की।
बैठक को संबोधित करते हुए जिला महानगर कांग्रेस अध्यक्ष अमन गर्ग और स्वतंत्रता सेनानी उत्तराधिकारी प्रकोष्ठ अध्यक्ष मुरली मनोहर ने कहा कि हल्द्वानी में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की ऐतिहासिक जनसभा के बाद जिस प्रकार कार्यक्रम स्थल के कथित शुद्धिकरण का आयोजन किया गया, वह न केवल कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष का अपमान है, बल्कि देश के संविधान, लोकतांत्रिक मूल्यों और सामाजिक समरसता की भावना पर भी गंभीर प्रश्न खड़े करता है। युवा नेता वरुण बालियान और वरिष्ठ नेता महेश प्रताप राणा ने कहा कि लोकतंत्र में वैचारिक और राजनीतिक विरोध स्वाभाविक है, लेकिन किसी जनप्रतिनिधि अथवा राजनीतिक कार्यक्रम के बाद इस प्रकार का कथित शुद्धिकरण समाज में विभाजन और भेदभाव की मानसिकता को बढ़ावा देने वाला कृत्य है, कांग्रेस पार्टी ऐसी मानसिकता का लोकतांत्रिक और संवैधानिक तरीके से पुरजोर विरोध करती है। प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष संतोष चौहान और वरिष्ठ नेता अरविंद शर्मा ने कहा कि इस पूरे मामले में अपनी आवाज उठाने वाले लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के खिलाफ एफआईआर दर्ज किया जाना भाजपा सरकार की दमनकारी और लोकतांत्रिक आवाजों को दबाने वाली मानसिकता को दर्शाता है। महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष अंजू मिश्रा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी स्पष्ट रूप से मानती है कि विपक्ष के नेताओं को जनहित के मुद्दे उठाने, सरकार से सवाल पूछने और अन्याय के खिलाफ आवाज बुलंद करने का पूरा संवैधानिक अधिकार है। प्रदेश कांग्रेस महासचिव अनिल भास्कर और प्रदेश कांग्रेस महासचिव तेलूराम प्रधान ने कहा कि सत्ता के दबाव में विपक्ष की आवाज को दबाने अथवा राजनीतिक विरोधियों को डराने के लिए सरकारी संस्थाओं का इस्तेमाल लोकतंत्र के लिए गंभीर चिंता का विषय है। वरिष्ठ नेता अशोक शर्मा और महानगर कांग्रेस महासचिव राजीव भार्गव ने कहा कि कांग्रेस पार्टी भाजपा की इस कथित विभाजनकारी राजनीति और लोकतांत्रिक अधिकारों के हनन के खिलाफ चुप नहीं बैठेगी, 7 सितंबर को देहरादून में मुख्यमंत्री आवास कूच के माध्यम से कांग्रेस कार्यकर्ता प्रदेश सरकार के समक्ष अपना विरोध दर्ज कराएंगे।
बैठक में मोहन सिंह राणा, वीरेंद्र श्रमिक, सीपी सिंह, भोमेश श्रीकुंज, अशोक गुप्ता, अंकुर सैनी, करन सिंह राणा, विभास मिश्रा, आशु श्रीवास्तव, गोविंद पाण्डेय आदि कांग्रेस जन उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *