
हरिद्वार। महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, शिक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था सहित विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर शनिवार को रानीपुर विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस नेता संजय सैनी के नेतृत्व में शंखनाद रैली निकाली गई। भारी बारिश के बावजूद रैली में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों की भागीदारी बनी रही। कार्यकर्ता बारिश के बीच नारेबाजी करते हुए रैली में शामिल हुए और जनसमस्याओं को लेकर अपनी आवाज बुलंद की।
रैली इंटर कॉलेज औरंगाबाद से शुरू हुई और विभिन्न मार्गों से होते हुए बस अड्डा औरंगाबाद स्थित पंचायत घर पहुंची, जहां इसका समापन किया गया। बारिश के कारण मौसम खराब होने के बावजूद कार्यकर्ताओं का उत्साह कम नहीं हुआ। हाथों में झंडे और नारे लगाते हुए कार्यकर्ता रैली में आगे बढ़ते रहे। रैली के दौरान महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार के साथ ही शिक्षा एवं स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति और क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं को प्रमुखता से उठाया गया।
कांग्रेस नेता संजय सैनी ने कहा कि महंगाई, बेरोजगारी और क्षेत्र के विकास से जुड़े सवालों पर जनता की आवाज को मजबूती से सामने लाना जरूरी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता लगातार लोगों के बीच पहुंचकर उनकी समस्याओं को सुनेंगे और जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाएंगे।
संजय सैनी ने एसआईआर को लेकर भी केंद्र सरकार और भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जिस तरह मुख्य चुनाव आयुक्त पर एसआईआर में अनियमितता और वोट चोरी के आरोप लगाए जा रहे हैं, उसको लेकर कांग्रेस पूरे देश में विरोध कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र और राज्यों में भाजपा की सरकारें बिना जनादेश और फर्जी वोटों के आधार पर बनी हैं। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की हत्या किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कांग्रेस जनता के माध्यम से अपनी आवाज सरकार तक पहुंचा रही है और इस संबंध में ज्ञापन के माध्यम से राष्ट्रपति तक भी अपनी बात पहुंचाई जा रही है।
रानीपुर विधानसभा यूथ अध्यक्ष सौरभ सैनी ने कहा कि युवाओं की भागीदारी जनहित के मुद्दों को उठाने में महत्वपूर्ण है। रोजगार, शिक्षा और युवाओं के भविष्य से जुड़े सवालों पर युवाओं की आवाज बुलंद होनी चाहिए। उन्होंने कार्यकर्ताओं से लोगों के बीच सक्रिय रहने और उनकी समस्याओं को लगातार उठाने का आह्वान किया।
सौरभ सैनी ने रानीपुर विधानसभा क्षेत्र में बढ़ते नशे के कारोबार का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में नशे का कारोबार तेजी से फल-फूल रहा है, जिसे रोकना बेहद जरूरी है। नशे की वजह से युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है और इस दिशा में गंभीर प्रयास किए जाने की आवश्यकता है।
अमरदीप ने कहा कि जनता से जुड़े मुद्दों को लेकर इस तरह के आयोजनों के माध्यम से लोगों को एक मंच पर लाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने क्षेत्र की समस्याओं को सामने लाने और उनके समाधान के लिए सामूहिक प्रयासों की जरूरत बताई। उन्होंने भाजपा सरकार पर दलित विरोधी होने का आरोप भी लगाया।
रैली के दौरान भारी बारिश के बीच भी कार्यकर्ता और स्थानीय लोग डटे रहे। आयोजकों ने कहा कि खराब मौसम के बावजूद लोगों का रैली में पहुंचना इस बात को दर्शाता है कि क्षेत्र की जनसमस्याओं को लेकर लोगों में चिंता है। रैली के समापन पर नेताओं ने कहा कि जनता से जुड़े मुद्दों को लेकर आगे भी लगातार कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
कार्यक्रम में पूर्व ब्लॉक प्रमुख बहादराबाद प्रियव्रत, वरिष्ठ कांग्रेस नेता नरेश सेमवाल, रानीपुर विधानसभा यूथ अध्यक्ष सौरभ सैनी, विश्वकर्मा महासभा के प्रदेश अध्यक्ष रविंद्र धीमान, पाल सिंह, ईशम सिंह राणा, प्रकाश चंद्र, सुभाष मास्टर, सतीश कुमार चौहान, सरदार गुरमेल सिंह, रविंद्र कुमार, मुकेश कुमार, पूर्व पार्षद प्रत्याशी आरिफ पीर, पूर्व पार्षद प्रत्याशी सोनू, अमरदीप, किरण दुबे, अमनदीप, विशाल सैनी, मुकेश सैनी, अक्षय सैनी और नरेश कुमार सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं स्थानीय लोग मौजूद रहे।