हरिद्वार। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के निर्देश पर जनपदभर में चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान के तहत कोतवाली नगर हरिद्वार पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो पिस्टल और 10 जिंदा कारतूस के साथ एक संदिग्ध को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार 6 सितंबर 2026 को गश्त के दौरान चित्रकूट घाट के पास एक व्यक्ति पुलिस को देखकर सकपकाता हुआ दिखाई दिया। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ के दौरान उसके कंधे पर टंगे पीठू बैग की तलाशी लेने पर उसमें 32 बोर की दो पिस्टल, दो मैगजीन और 10 जिंदा कारतूस बरामद हुए। आरोपी से हथियार रखने का लाइसेंस मांगा गया, लेकिन वह कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
पुलिस की सख्ती से पूछताछ में आरोपी की पहचान मनोज कुमार पुत्र महावीर सिंह, निवासी ग्राम बुडीना कला, थाना तितावी, जिला मुजफ्फरनगर, उत्तर प्रदेश, उम्र 45 वर्ष के रूप में हुई। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने बताया कि वर्ष 2010 में उसके भाई की हत्या कर दी गई थी और तभी से वह भाई के हत्यारों को ठिकाने लगाने के लिए मौके की तलाश में था। गैंगवार की आशंका के चलते आरोपी अप्रैल 2026 में हरिद्वार आया और एक आश्रम को लीज पर लेकर होटल के रूप में व्यापार कर रहा था। इसी दौरान उसे जानकारी मिली कि उसके भाई के हत्यारे इस समय जेल से बाहर हैं और हरिद्वार आने वाले हैं। जिसके चलते उसने यह पूरी तैयारी lकी थी। पुलिस की सतर्कता और समय रहते की गई कार्रवाई से संभावित गैंगवार की बड़ी वारदात टल गई।
बरामदगी के आधार पर पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर कोतवाली नगर लाया और उसके खिलाफ मु0अ0सं0 445/2026, धारा 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किए जाने की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक कुन्दन सिंह राणा, वरिष्ठ उपनिरीक्षक गोपाल दत्त भट्ट, उपनिरीक्षक खेमेन्द्र गंगवार, हेड कांस्टेबल प्रदीप पंवार और हेड कांस्टेबल गुलशन नेगी शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *