
हरिद्वार। सोशल मीडिया की आड़ में गुंडागर्दी और क्षेत्र में वर्चस्व कायम करने की कोशिश करने वाले युवकों पर हरिद्वार पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। “ऑपरेशन प्रहार” के तहत कोतवाली कनखल पुलिस ने ‘पिल्ला गैंग’ से जुड़े नाबालिग समेत चार आरोपियों को हिरासत में लिया है। पुलिस के अनुसार गैंग का नेटवर्क भूपतवाला से लेकर लक्सर तक फैला हुआ था और अब तक कुल 15 आरोपियों की गिरफ्तारी की जा चुकी है।
कनखल क्षेत्र में लगातार मारपीट और हुड़दंग की शिकायतों के बाद प्रभारी निरीक्षक कनखल के नेतृत्व में सादे कपड़ों में विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया। पुलिस ने जगजीतपुर, पीठ पुलिया, फुटबॉल ग्राउंड और गुरुकुल कांगड़ी क्षेत्र में लगातार निगरानी और चेकिंग अभियान चलाया।
पुलिस जांच में सामने आया कि इंस्टाग्राम पर कमेंट और इलाके में दबदबा बनाने को लेकर युवकों के बीच विवाद होता था, जो बाद में मारपीट में बदल जाता था। 10 अप्रैल 2026 को कनखल निवासी कुलदीप कुमार ने अपने पुत्र के साथ हुई मारपीट के संबंध में कोतवाली कनखल में मुकदमा दर्ज कराया था। इस मामले में पुलिस ने मु.अ.सं. 126/26 दर्ज कर जांच शुरू की थी।
सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर 25 मई को पुलिस ने कार्रवाई करते हुए नाबालिग समेत चार आरोपियों को हिरासत में लिया। पुलिस के मुताबिक आरोपी नितिश कुमार उर्फ साजन उर्फ खबड़ा के खिलाफ एक अन्य मुकदमा मु.अ.सं. 182/26 भी दर्ज किया गया है। इस मुकदमे में उस पर पैसे मांगने और पैसे नहीं देने पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप है।
हिरासत में लिए गए आरोपियों में एक नाबालिग के अलावा सक्षम उर्फ सावन निवासी विकास कॉलोनी रानीपुर मोड़, राजकुमार उर्फ जौंग निवासी जमालपुर कनखल और नितिश कुमार उर्फ साजन उर्फ खबड़ा निवासी जगजीतपुर शामिल हैं।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक देवेन्द्र सिंह रावत, उपनिरीक्षक अनुज सिंह, प्रकाश चंद, गम्भीर सिंह तोमर, ललित मोहन, का. सतेंद्र रावत, का. उमेद सिंह, का. रधुबीर सिंह, का. प्रलव चौहान शामिल रहे।
