हरिद्वार। प्रांतीय नगर उद्योग व्यापार मंडल के जिला अध्यक्ष डॉ.विशाल गर्ग ने भीमगोडा, भूपतवाला एवं खड़खड़ी इकाई के पदाधिकारियों और व्यापारियों के साथ बैठक कर कांवड़ मेले व्यवस्थाओं पर चर्चा की। बैठक में व्यापारियों ने कांवड़ मेले के दौरान होने वाली विभिन्न समस्याओं से अवगत कराया। डॉ.विशाल गर्ग को भाजपा के प्रचार एवं साहित्य विभाग का प्रदेश सहसंयोजक बनाए जाने पर व्यापारियों ने उनका स्वागत किया और शुभकामनाएं दी। सभी व्यापारियों का आभार व्यक्त करते हुए डॉ.विशाल गर्ग ने कहा कि व्यापारियों की समस्याओं और सुझावों को शासन एवं प्रशासन के समक्ष प्रभावी ढंग से रखकर समाधान कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि व्यापारियों का स्नेह, विश्वास और सहयोग उनके लिए प्रेरणा है। सदैव व्यापारी हितों की रक्षा एवं अधिकारों के लिए पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करेंगे। बैठक के दौरान व्यापार मंडल ने प्रशासन से मांग की कि कांवड़ मेला शुरू होने से पूर्व प्रमुख बाजारों, संपर्क मार्गों एवं कांवड़ यात्रा मार्गों से अस्थायी अतिक्रमण हटाकर पर्याप्त पैदल मार्ग सुनिश्चित किया जाए। साथ ही पार्किंग, सफाई, प्रकाश व्यवस्था तथा सुरक्षा व्यवस्था को भी प्रभावी बनाया जाए, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो और स्थानीय व्यापार भी सुचारु रूप से संचालित हो सके। बैठक में प्रदेश सचिव मयंक मूर्ति भट्ट, प्रदेश उपाध्यक्ष शिवकुमार कश्यप, शहर व्यापार मंडल अध्यक्ष प्रवीण शर्मा, शहर कोषाध्यक्ष अनुज गुप्ता, आशीष गिरी, नीरज पाल, जिला महामंत्री संगठन योगेश भारद्वाज, जिला कोषाध्यक्ष अजय अरोड़ा, निशा गुप्ता, बबीता आदि प्रमुुख रूप से मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *