
हरिद्वार। वन्यजीव सप्ताह के दूसरे दिन विद्यार्थियों को वन्यजीव संरक्षण के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से डीपीएस (DPS) स्कूल में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को ऑस्कर पुरस्कार विजेता डॉक्यूमेंट्री फिल्म ‘द एलिफेंट व्हिस्परर्स’ (The Elephant Whisperers) दिखाई गई।
फिल्म के माध्यम से विद्यार्थियों को हाथियों और इंसानों के बीच प्रेम, संवेदनशीलता, आपसी जुड़ाव और सह-अस्तित्व का संदेश दिया गया। विद्यार्थियों ने फिल्म के जरिए वन्यजीवों के प्रति मानवीय संवेदनाओं और प्रकृति के साथ सामंजस्यपूर्ण जीवन के महत्व को समझा।
कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में वन्यजीवों के प्रति प्रेम, करुणा और संरक्षण की भावना विकसित करना रहा। साथ ही बच्चों को पर्यावरण संरक्षण और वन्यजीवों के प्रति अपनी जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक किया गया।
हरिद्वार वन प्रभाग एवं हरिद्वार रेंज की ओर से आयोजित इस पहल के माध्यम से विद्यार्थियों को यह संदेश दिया गया कि वन्यजीवों और प्रकृति का संरक्षण केवल सरकारी विभागों की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति की सामूहिक जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को वन्यजीवों की सुरक्षा और प्राकृतिक पर्यावरण के संरक्षण का संकल्प लेने के लिए प्रेरित किया गया। वन विभाग की ओर से संदेश दिया गया कि वन्यजीव बचेंगे, तभी प्रकृति बचेगी।