
हरिद्वार। रक्षाबंधन के पावन पर्व पर भाजपा महिला मोर्चा की ओर से नगर निगम के सफाई कर्मचारियों के सम्मान में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष रुचि भट्ट के निर्देशानुसार आयोजित कार्यक्रम में महापौर किरण जैसल के सानिध्य में महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने नगर निगम के सफाई कर्मचारियों को रक्षा सूत्र बांधकर उनके प्रति सम्मान और आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर भाजपा की प्रदेश उपाध्यक्ष रीता चमोली, वरिष्ठ कार्यकर्ता रजनी वर्मा, मन्नू रावत, जिला महामंत्री रेनू शर्मा, चित्रा शर्मा, मनीषा त्यागी, रामा शर्मा, बिंदिया गोयल, कुमारी अंशिका, कुमारी दीक्षा सहित भाजपा महिला मोर्चा की कई कार्यकर्ता मौजूद रहीं।
महापौर किरण जैसल ने रक्षाबंधन की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि कुछ लोग रिश्तों की डोर को बांधते हैं, जबकि कुछ लोग पूरे शहर की स्वच्छता की जिम्मेदारी अपने कंधों पर लेकर समाज के प्रति अपना दायित्व निभाते हैं। उन्होंने कहा कि सफाई कर्मचारी हर दिन अपने परिश्रम और समर्पण से हरिद्वार को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
महापौर ने कहा कि इस वर्ष रक्षाबंधन का पर्व सफाई कर्मचारियों के साथ मनाकर उनके समर्पण और मेहनत को सम्मानित करने का प्रयास किया गया है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता कर्मियों के कर्मठ हाथ हरिद्वार की स्वच्छता व्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी हैं और उनके योगदान को सम्मान देना पूरे समाज की जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम के दौरान महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने सफाई कर्मचारियों को रक्षा सूत्र बांधते हुए उनके प्रति सम्मान प्रकट किया और स्वच्छता के क्षेत्र में उनके निरंतर योगदान के लिए आभार जताया।
