
हरिद्वार। बीएचईएल से सटी सुभाष नगर कॉलोनी में उस समय हड़कंप मच गया जब रिहायशी इलाके में एक गुलदार (तेंदुआ) घुस आया। घटना सुभाष नगर की बी-11 गली की है, जहां देर रात गुलदार घरों के बाहर टहलता हुआ सीसीटीवी कैमरे में कैद हुआ।
मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार की रात, गुलदार जंगल से निकलकर कॉलोनी में पहुंचा और कुछ देर तक गली में इधर-उधर घूमता रहा। इस दौरान वह बाहर निकलने का रास्ता तलाशता नजर आया। गली में मौजूद कुत्तों के लगातार भौंकने से घबराकर आखिरकार गुलदार वापस जंगल की ओर भाग गया।
घटना के बाद से क्षेत्र के लोगों में दहशत का माहौल बना हुआ है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि यह इलाका बीएचईएल से सटा हुआ है और इसके ठीक दूसरी ओर राजाजी टाइगर रिजर्व का जंगल क्षेत्र पड़ता है, जिससे अक्सर वन्यजीव आबादी की ओर आ जाते हैं।
स्थानीय लोगों ने वन विभाग से जल्द कार्रवाई करते हुए गुलदार की आवाजाही पर रोक लगाने और क्षेत्र में गश्त बढ़ाने की मांग की है, ताकि किसी अप्रिय घटना से बचा जा सके।
