हरिद्वार। आगामी कांवड़ मेल को देखते हुए मेला प्रशासन ने रोड़ी बेलवाला क्षेत्र में चल रहे निर्माण कार्यों को तेजी से पूरा करने तथा कांवड़ियों की सुरक्षा और निर्बाध आवागमन की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं।
मेलाधिकारी सोनिका के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक निशा यादव एवं अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती के नेतृत्व में पुलिस, मेला प्रशासन तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों की संयुक्त टीम ने गुरुवार को रोड़ी बेलवाला क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान निर्माणाधीन एडमिन रोड, बॉक्स कल्वर्ट पुल तथा आसपास के क्षेत्रों में चल रहे निर्माण कार्यों एवं प्रस्तावित यातायात व्यवस्थाओं का विस्तृत जायजा लिया गया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने निर्माण एजेंसियों को एडमिन रोड पर पड़ी निर्माण सामग्री एवं मलबे को तत्काल हटाने, सड़क के गड्ढों को भरकर समतलीकरण करने तथा मार्ग पर मौजूद सभी अवरोधों को दूर कर आवागमन को सुरक्षित एवं सुचारु बनाने के निर्देश दिए। साथ ही पूरे रोड़ी बेलवाला क्षेत्र का शीघ्र समतलीकरण करने की भी हिदायत दी गई।
अधिकारियों ने निर्माणाधीन बॉक्स कल्वर्ट पुल की एक लेन की बुनियाद के निर्माण कार्य को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा करने तथा उस पर कांवड़ियों के आवागमन के लिए रैंप तैयार करने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त अलकनंदा होटल को जोड़ने वाले संपर्क मार्ग को भी सुरक्षित एवं सुचारु बनाने का निर्णय लिया गया, ताकि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
इस अवसर पर पुलिस अधिकारियों ने बताया कि कांवड़ मेले के दौरान रोड़ी बेलवाला क्षेत्र में केवल पैदल कांवड़ियों एवं दोपहिया वाहनों से आने वाले कांवड़ियों के आवागमन की अनुमति होगी। इसके लिए क्षेत्र में दोपहिया वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था की जाएगी तथा आगमन एवं निकास हेतु अलग-अलग मार्ग तैयार किए जाएंगे।
निरीक्षण के दौरान हाईवे से पार्किंग क्षेत्र तक सुरक्षित पहुंच सुनिश्चित करने के लिए रैंप निर्माण, आवश्यक बैरिकेडिंग, यातायात प्रबंधन, सुरक्षा व्यवस्था तथा भीड़ नियंत्रण से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। संबंधित विभागों एवं निर्माण एजेंसियों को निर्देशित किया गया कि कांवड़ मेला प्रारंभ होने से पूर्व सभी निर्माण कार्यों को पूर्ण करते हुए मार्गों के गड्ढों, ऊबड़-खाबड़ हिस्सों एवं संभावित जोखिम वाले स्थलों का तत्काल सुधार सुनिश्चित किया जाए, जिससे कांवड़ियों का आवागमन पूरी तरह सुरक्षित, सुचारु एवं व्यवस्थित बना रहे।
निरीक्षण के दौरान पीआईयू के अधिशासी अभियंता प्रवीण कुश, क्षेत्राधिकारी शिशुपाल नेगी, सीपीयू प्रभारी हितेश कुमार सहित पुलिस, मेला प्रशासन एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *