
हरिद्वार। उत्तराखंड की विश्व प्रसिद्ध चारधाम यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। हरिद्वार स्थित ऋषिकुल मैदान में बनाए गए यात्री पंजीकरण केंद्र में सातवें दिन कुल 3218 यात्रियों ने अपना पंजीकरण कराया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यमुनोत्री धाम के लिए 706, गंगोत्री धाम के लिए 710, केदारनाथ धाम के लिए 895 और बद्रीनाथ धाम के लिए 907 श्रद्धालुओं ने रजिस्ट्रेशन कराया, जबकि हेमकुंड साहिब के लिए गुरुवार को भी कोई पंजीकरण नहीं हुआ।
पंजीकरण केंद्र पर लगातार बढ़ रही भीड़ यह दर्शाती है कि इस वर्ष चारधाम यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह है। विभिन्न राज्यों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु हरिद्वार पहुंचकर यात्रा की तैयारियों में जुटे हैं।
अधिकारियों के अनुसार, सात दिनों में अब तक कुल 16,500 से अधिक यात्री चारधाम यात्रा के लिए पंजीकरण करा चुके हैं। प्रशासन द्वारा पंजीकरण प्रक्रिया को सुचारू और व्यवस्थित बनाए रखने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
चारधाम यात्रा के मद्देनज़र प्रशासन सुरक्षा, स्वास्थ्य और यातायात व्यवस्थाओं को भी सुदृढ़ करने में जुटा हुआ है, जिससे यात्रियों को सुरक्षित और सुगम यात्रा का अनुभव मिल सके।
