हरिद्वार। गंगा के घाटों पर बिंदी, चूड़ी, फूल और प्रसाद बेचकर आजीविका चलाने वाली महिला स्ट्रीट वेंडर्स ने कुंभ मेला-2027 की विकास योजनाओं के तहत वेंडिंग जोन स्थापित किए जाने की मांग को लेकर नगर निगम परिसर में एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी महिलाओं ने वर्ष 2018 की सर्वे सूची में शामिल महिला स्ट्रीट वेंडर्स को विष्णु घाट, ललतारो घाट, अलकनंदा घाट सहित अन्य क्षेत्रों में व्यवस्थित कर वेंडिंग जोन के रूप में स्थापित करने की मांग उठाई।
धरना-प्रदर्शन को लघु व्यापार एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष संजय चोपड़ा ने समर्थन दिया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत नगर निगम प्रशासन के माध्यम से महिला स्ट्रीट वेंडर्स को बैंकों द्वारा 25 हजार से 50 हजार रुपये तक के ऋण उपलब्ध कराए जा रहे हैं। ऐसे में ऋण प्राप्त करने वाले रेड़ी-पटरी के लघु व्यापारियों को गंगा के घाटों पर व्यवस्थित रूप से स्थापित कर वेंडिंग जोन में शामिल किया जाना न्यायसंगत होगा।
संजय चोपड़ा ने कहा कि महिला स्ट्रीट वेंडर्स लंबे समय से अपने रोजगार को व्यवस्थित करने की मांग कर रही हैं। नगर निगम प्रशासन को उनकी उचित मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेना चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि 24 नवंबर के बाद भी मांगों पर विचार नहीं किया गया तो नगर निगम परिसर में अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन शुरू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड नगरीय फेरी नीति नियमावली की उपेक्षा बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
धरना-प्रदर्शन में कामिनी मिश्रा, बबीता देवी, सीमा देवी, इंदिरा, पुष्पा दास, सुमित्रा देवी, मंजू पाल, सुनीता चौहान, आशा देवी, सुमन गुप्ता, लालचंद, पवन, विजय कुमार, मोहनलाल, ओमप्रकाश भाटिया, मनीष शर्मा और श्याम कुमार सहित अनेक लोग शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *