हरिद्वार। पत्नी के नाराज होकर चले जाने से परेशान एक युवक सोमवार को शिवालिक नगर के एम-क्लस्टर क्षेत्र में मोबाइल टावर पर चढ़ गया। सूचना मिलते ही कोतवाली रानीपुर पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास शुरू किए। पुलिस ने काफी देर तक युवक को समझाने-बुझाने का प्रयास किया। इसके बावजूद जब वह नीचे उतरने को तैयार नहीं हुआ तो मौके पर एसडीआरएफ की टीम को भी बुलाया गया। पुलिस और एसडीआरएफ की टीम के लगातार प्रयासों के बाद आखिरकार शाम को युवक को सकुशल नीचे उतार लिया गया।
पूछताछ में युवक की पहचान विशाल पुत्र रामेश्वर, उम्र 25 वर्ष, निवासी ग्राम चकधीर, थाना बेरिया, जनपद बलिया, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई। युवक ने पुलिस को बताया कि उसकी पत्नी नाराज होकर उसे छोड़कर चली गई थी। इसी बात से परेशान होकर वह मोबाइल टावर पर चढ़ गया था। पुलिस के अनुसार, युवक द्वारा अपनी जान जोखिम में डालने और शांति व्यवस्था प्रभावित करने के मामले में उसके विरुद्ध धारा 170 बीएनएसएस के तहत कार्रवाई की गई। साथ ही उसे भविष्य में इस तरह का कदम न उठाने की हिदायत दी गई।
पुलिस टीम में अपर उपनिरीक्षक सुबोध घिल्डियाल, कांस्टेबल अर्जुन सिंह और कांस्टेबल वीर सिंह शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *