
हरिद्वार। जनपद में अपराध एवं असामाजिक तत्वों के विरुद्ध वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देशन में चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत कनखल पुलिस को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। गुरुकुल कांगड़ी क्षेत्र में कांवड़िये पर फायरिंग कर उसे घायल करने की घटना में शामिल कुख्यात ‘पिल्ला गैंग’ के एक और सदस्य को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त अवैध तमंचा भी बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार, कोतवाली कनखल क्षेत्र में लगातार मिल रही मारपीट एवं झगड़ों की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए प्रभारी निरीक्षक कनखल द्वारा विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया था। सादे वस्त्रों में तैनात पुलिसकर्मियों को जगजीतपुर, पीठ पुलिया, फुटबॉल ग्राउंड तथा गुरुकुल कांगड़ी क्षेत्र में निगरानी के लिए लगाया गया था।
जानकारी के अनुसार, 1 जून 2026 को गुरुकुल कांगड़ी क्षेत्र में कांवड़ियों और कुछ युवकों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी। विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने फायरिंग, मारपीट, गाली-गलौज तथा जान से मारने की धमकी दी थी। फायरिंग की घटना में एक कांवड़िया घायल हो गया था। मामले में कोतवाली कनखल में मु0अ0सं0 187/2026 दर्ज करते हुए धारा 109, 115(2), 191(2), 191(3), 351(3), 352 एवं 190 भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया था।
घटना की गंभीरता को देखते हुए कनखल पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई थी। पुलिस द्वारा अब तक इस मामले में सात आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इसी क्रम में पुलिस ने घटना में शामिल और फायरिंग करने वाले आरोपी सत्यम जाट पुत्र जबर सिंह निवासी शांतिपुरम कॉलोनी, जगजीतपुर, थाना कनखल, हरिद्वार को गिरफ्तार कर लिया।
तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त अवैध तमंचा भी बरामद किया।
कनखल पुलिस ने स्पष्ट किया है कि “पिल्ला गैंग को पूर्ण रूप से समाप्त करने” के संकल्प के साथ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी और किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक महिपाल सिंह सैनी, हेड कांस्टेबल जितेन्द्र कुमार, कांस्टेबल संजू सैनी एवं कांस्टेबल उमेद सिंह शामिल रहे।
