हरिद्वार। रानीपुर विधायक आदेश चौहान के कैंप कार्यालय पर कांग्रेस नेताओं द्वारा किए गए प्रदर्शन के बाद राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। भारतीय जनता पार्टी ने कांग्रेस के प्रदर्शन को हताशा और राजनीतिक बौखलाहट का परिणाम बताते हुए इसे पूरी तरह निराधार करार दिया है।
भाजपा नेता एवं सांसद प्रतिनिधि अतुल वशिष्ठ ने जारी बयान में कहा कि कांग्रेस आज जनता के बीच अपना जनाधार खो चुकी है और रानीपुर विधानसभा क्षेत्र में विधायक आदेश चौहान की बढ़ती लोकप्रियता तथा विकास कार्यों से विपक्ष परेशान है। उन्होंने दावा किया कि विधायक द्वारा क्षेत्र में कराए गए विकास कार्यों और जनता से निरंतर संपर्क ने कांग्रेस की राजनीतिक जमीन कमजोर कर दी है।
अतुल वशिष्ठ ने कांग्रेस नेताओं पर निशाना साधते हुए कहा कि कुछ नेता केवल चुनावी मौसम में सक्रिय होते हैं और सस्ती लोकप्रियता हासिल करने के लिए प्रदर्शन और विरोध का सहारा लेते हैं। उन्होंने कहा कि जनता ऐसे राजनीतिक प्रयासों की वास्तविकता को अच्छी तरह समझती है और पहले भी कांग्रेस को नकार चुकी है।
भाजपा नेता ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के साथ-साथ विधायक आदेश चौहान की कार्यशैली को जनता का व्यापक समर्थन मिल रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन से भाजपा के विकास एजेंडे और जनसमर्थन पर कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा।
वशिष्ठ ने विश्वास जताया कि रानीपुर विधानसभा क्षेत्र की जनता विकास और सुशासन के साथ खड़ी है तथा भविष्य में भी भाजपा को अपना समर्थन देती रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *