हरिद्वार / रुड़की। हरिद्वार पुलिस के ऑपरेशन प्रहार के तहत कोतवाली गंगनहर पुलिस ने नाबालिग लड़की के अपहरण और दुष्कर्म के मामले में नामजद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार 1 जून 2026 को कोतवाली गंगनहर क्षेत्र निवासी एक व्यक्ति ने तहरीर देकर आरोप लगाया था कि हसीन उर्फ गोरिया पुत्र जानी उर्फ सलीम, निवासी सालियर सालहपुर, उसकी नाबालिग बेटी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया और उसके साथ दुष्कर्म किया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर प्रभारी निरीक्षक कोतवाली गंगनहर के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ डिजिटल साक्ष्यों का विश्लेषण किया और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। गुरुवार को पुलिस ने आरोपी हसीन उर्फ गोरिया को माधोपुर अंडरपास, रुड़की से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह पीड़िता को पिछले लगभग एक वर्ष से जानता था। आरोपी ने यह भी बताया कि 12 फरवरी 2026 को वह पीड़िता को सालियर क्षेत्र के पास से अपनी मोटरसाइकिल पर ले गया था, जहां उसने उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। पुलिस ने आरोपी से विस्तृत पूछताछ के बाद आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया जा रहा है
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में महिला उपनिरीक्षक मनसा ध्यानी, कांस्टेबल अर्जुन चौहान और होमगार्ड ओमपाल शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *