
हरिद्वार / कनखल। कोतवाली कनखल पुलिस ने ऑपरेशन “प्रहार” के तहत सोशल मीडिया पर वर्चस्व की लड़ाई में मारपीट कर दहशत फैलाने वाले “पिल्ला गैंग” के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बताया कि यह गैंग इंस्टाग्राम पर कमेंट और वर्चस्व को लेकर झगड़े करता था और वारदात के दौरान मारपीट का वीडियो बनाकर उसे सोशल मीडिया पर वायरल करता था।
पुलिस मुख्यालय से चलाए जा रहे ऑपरेशन “प्रहार” के अंतर्गत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के आदेश, पुलिस अधीक्षक नगर के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी नगर के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली कनखल के नेतृत्व में पुलिस टीमें लगातार सक्रिय हैं। इन टीमों द्वारा शराब तस्करों, वारंटियों, हिस्ट्रीशीटर, वांछित, गुंडा, इनामी और हुड़दंग करने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ लगातार ताबड़तोड़ कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, 10 अप्रैल 2026 को कुलदीप के पुत्र के साथ हुई मारपीट के मामले में कोतवाली कनखल में मुकदमा दर्ज किया गया था, जिसमें कुल 11 आरोपी सामने आए थे। इस मामले में पहले ही 02 नाबालिग समेत 03 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। अब पुलिस ने कार्रवाई को आगे बढ़ाते हुए एक और आरोपी को दबोच लिया है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान हिरदेश शर्मा उर्फ माईकल पुत्र ब्रह्मदेव शर्मा निवासी जगजीतपुर, कनखल के रूप में हुई है। आरोपी को 04 मई 2026 को गिरफ्तार कर न्यायालय रोशनाबाद में पेश किया जा रहा है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि गैंग के सदस्य इंस्टाग्राम पर वीडियो डालकर क्षेत्र में दहशत फैलाने का प्रयास करते थे। इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस के माध्यम से वायरल वीडियो की पहचान कर पुलिस ने कार्रवाई की है। मामले में 07 अन्य आरोपियों की भी पहचान हो चुकी है, इनकी भी जल्दी ही गिरफ्तारी की जाएगी।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान भी चलाया जा रहा है। जगजीतपुर, पीठ पुलिया, फुटबॉल ग्राउंड और गुरुकुल कांगड़ी क्षेत्र में सादे कपड़ों में पुलिसकर्मी तैनात कर संदिग्धों पर नजर रखी जा रही है।
गिरफ्तार आरोपी का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है, जिसमें मारपीट सहित विभिन्न धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस टीम में शामिल रहे:
उपनिरीक्षक सुधांशु कौशिक, उपनिरीक्षक प्रकाश चन्द्र, अपर उपनिरीक्षक ललित मोहन, हेड कांस्टेबल जितेन्द्र शाह, कांस्टेबल सतेन्द्र रावत, कांस्टेबल उमेद सिंह और कांस्टेबल प्रलव चौहान।
