हरिद्वार। गुरुवार को जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने रानीपुर विधायक आदेश चौहान के साथ जमालपुर खुर्द, ब्रह्मपुरी रावली महदूद, मीनाक्षी पुरम और नील खुदाना ज्वालापुर समेत कई क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण कर सफाई व्यवस्था और अतिक्रमण की स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान नालों और नालियों में कूड़ा-कचरे के ढेर तथा उन पर किए गए अतिक्रमण को देखकर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त की और संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने सिंचाई विभाग और नगर निगम को निर्देशित किया कि वे एक सप्ताह के भीतर नालों और नालियों की सफाई के लिए ठोस कार्ययोजना बनाकर काम शुरू करें। साथ ही उन्होंने कहा कि मानसून से पहले सभी नालों की सफाई सुनिश्चित की जाए, ताकि जलभराव की समस्या से क्षेत्रवासियों को राहत मिल सके।
अतिक्रमण को लेकर जिलाधिकारी ने तहसीलदार को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि नालों और नालियों पर किए गए अतिक्रमण को चिन्हित कर संबंधित लोगों को नोटिस जारी किए जाएं। तय समय सीमा में अतिक्रमण नहीं हटाने पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
वार्ड नंबर 46 नील खुदाना ज्वालापुर में निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने नगर आयुक्त को विशेष रूप से सफाई व्यवस्था सुधारने और अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए।
इस मौके पर विधायक आदेश चौहान ने कहा कि जिलाधिकारी द्वारा मौके पर पहुंचकर समस्याओं का संज्ञान लेना सराहनीय कदम है। उन्होंने विश्वास जताया कि अब क्षेत्र में जलभराव और गंदगी की समस्या से लोगों को राहत मिलेगी, जिससे स्वास्थ्य संबंधी परेशानियां भी कम होंगी।
निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त नंदन कुमार, खंड विकास अधिकारी बहादराबाद मानस मित्तल, उप नगर आयुक्त दीपक गोस्वामी, अधिशासी अधिकारी मौ. तारिक खान, तहसीलदार सचिन कुमार, सिंचाई विभाग के अधिकारी और स्थानीय जनप्रतिनिधि व नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *