
हरिद्वार। उत्तराखंड सरकार के नवनियुक्त कैबिनेट मंत्री एवं पंचायती राज व आयुष मंत्री मदन कौशिक ने सोमवार को कनखल स्थित दक्षेश्वर महादेव मंदिर पहुंचकर दुग्धाभिषेक, पूजा-अर्चना, यज्ञ और हवन किया। इस दौरान उन्होंने प्रदेश की खुशहाली, प्रगति और वर्ष 2027 में आयोजित होने वाले कुंभ मेले के दिव्य एवं भव्य आयोजन की सफलता के लिए भगवान दक्षेश्वर महादेव से प्रार्थना की।
मंदिर पहुंचने पर साधु-संतों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने मंत्री मदन कौशिक का फूल-मालाओं से भव्य स्वागत किया। पूजा-अर्चना के बाद उन्होंने पंचायती अखाड़ा श्री महानिर्वाणी के सचिव महंत रवींद्र पुरी महाराज से भेंट कर उनका कुशलक्षेम जाना तथा अंगवस्त्र भेंट कर आशीर्वाद लिया।
इस अवसर पर मंत्री मदन कौशिक ने कहा कि राज्य सरकार उत्तराखंड की धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण एवं विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है, ताकि श्रद्धालुओं और पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें। उन्होंने कहा कि साधु-संतों का आशीर्वाद और मार्गदर्शन सरकार को समाज के हर वर्ग के उत्थान के लिए कार्य करने की प्रेरणा देता है।
उन्होंने विशेष रूप से वर्ष 2027 में होने वाले कुंभ मेले को दिव्य, भव्य और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई।
वहीं, श्री पंचायती महानिर्वाणी अखाड़े के सचिव महंत रवींद्र पुरी ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और उनकी कैबिनेट द्वारा संस्कृति संरक्षण के लिए उठाए गए कदमों की सराहना की। उन्होंने कहा कि संत समाज आगामी कुंभ मेले के सफल आयोजन में राज्य सरकार को पूर्ण सहयोग देगा।
उन्होंने मदन कौशिक से कहा कि धर्मनगरी हरिद्वार के विधायक होने के नाते आगामी कुंभ को भव्यता और दिव्यता प्रदान करना उनकी विशेष जिम्मेदारी है।
इस अवसर पर भाजपा के प्रदेश सह मीडिया प्रभारी विकास तिवारी, कनखल मंडल अध्यक्ष प्रशांत शर्मा, सुमित लखेरा, मनोज वर्मा, प्रशांत सैनी, भूपेंद्र कुमार, मुकुल पाराशर सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
