
उत्तराखण्ड / देहरादून / हरिद्वार। उत्तराखंड में लंबे समय से चल रही मंत्रिमंडल विस्तार की चर्चाओं पर आज विराम लग गया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की मौजूदगी में राज्यपाल डॉ. गुरमीत सिंह ने पांच नए मंत्रियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।
धामी सरकार के इस विस्तार में हरिद्वार से मदन कौशिक, रुड़की से प्रदीप बत्रा, रुद्रप्रयाग से भरत सिंह चौधरी, देहरादून से खजान दास और नैनीताल से राम सिंह कैड़ा को मंत्रिमंडल में शामिल किया गया है।
नव नियुक्त मंत्रियों ने प्रदेश के विकास को गति देने और मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड को नई ऊंचाइयों तक ले जाने का संकल्प लिया।
गौरतलब है कि धामी सरकार के दूसरे कार्यकाल के 21 मार्च को चार वर्ष पूरे होने जा रहे हैं। ऐसे में लंबे समय से मंत्रिमंडल विस्तार की अटकलें लगाई जा रही थीं, जिन पर अब मुहर लग गई है।
राजनीतिक जानकारों के मुताबिक यह विस्तार 2027 के विधानसभा चुनावों से पहले भारतीय जनता पार्टी की रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है। इसमें क्षेत्रीय, जातीय और संगठनात्मक संतुलन साधने की कोशिश की गई है।
प्रदेश में मंत्रियों के पांच पद रिक्त थे, जिन्हें अब भर दिया गया है ताकि राजनीतिक समीकरण मजबूत किए जा सकें। साथ ही आने वाले समय में पार्टी संगठन और सरकार के बीच बेहतर तालमेल बनाने के लिए अन्य नेताओं और कार्यकर्ताओं को भी दायित्व दिए जाने की संभावना जताई जा रही है।
