हरिद्वार। रानीपुर कोतवाली क्षेत्र में संत निरंकारी भवन के पास नाले में एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शनिवार सुबह राहगीरों की नजर नाले के किनारे पड़े शव पर पड़ी, जिसके बाद आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई।
घटना की सूचना मिलते ही रानीपुर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और क्षेत्र को घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक शव नाले के किनारे पड़ा मिला, जिससे आसपास के लोगों में दहशत का माहौल बन गया।
प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि अज्ञात व्यक्ति की हत्या करने के बाद शव को नाले में फेंका गया हो। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाकर साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। वहीं मृतक की पहचान के लिए आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल पाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *