हरिद्वार / भगवानपुर। जनपद में नवनियुक्त वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह की अगुवाई में हरिद्वार पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए महंत गुमशुदगी प्रकरण का खुलासा कर दिया है। थाना भगवानपुर क्षेत्र में दर्ज गुमशुदगी की जांच के दौरान मामला हत्या का निकला। पुलिस ने इस सनसनीखेज हत्याकांड में दंपत्ति समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 10 फरवरी 2026 को ग्राम मोहम्मद बेगपुर उर्फ टकाभरी निवासी श्याम सिंह ने कोतवाली भगवानपुर में शिकायत दर्ज कराई थी कि रविदास आश्रम में रहने वाले महंत बृजेश दास 05 फरवरी से लापता हैं। पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान थाना भगवानपुर और सीआईयू रुड़की की संयुक्त टीम को अहम सुराग मिले। जांच में सामने आया कि महंत बृजेश दास का संपर्क बागपत निवासी एक महिला से था और अंतिम बार उनकी बातचीत भी उसी से हुई थी। पुलिस ने महिला और उसके पति से पूछताछ की तो चौंकाने वाला खुलासा हुआ।
पूछताछ में सामने आया कि महिला और मृतक के बीच पुराना परिचय था। आरोप है कि मृतक द्वारा मानसिक और वित्तीय दबाव बनाए जाने से परेशान होकर महिला ने 05 फरवरी को उन्हें अपने घर बुलाया। योजना के तहत महिला के पति ने कुल्हाड़ी से वार कर उनकी हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी ने अपने भाई की मदद से शव और मोटरसाइकिल को कृष्णा नदी में बहा दिया।
सबूत मिटाने के प्रयास में आरोपियों ने मृतक का मोबाइल फोन, खून से सनी चादर, गद्दा और अन्य कपड़ों को आग लगाकर नष्ट करने की कोशिश की। हालांकि पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर नदी किनारे से महंत का शव बरामद कर लिया। साथ ही भूसे के ढेर से हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी, मोबाइल के अधजले हिस्से, बैटरी और जले कपड़ों की राख भी बरामद की गई।
गिरफ्तार आरोपियों में संजीव पुत्र स्वर्गीय रामपाल निवासी गांगनौली थाना दोघट जिला बागपत, उसकी पत्नी तथा जोगेंद्र पुत्र स्वर्गीय रामपाल निवासी सोनीपत हरियाणा शामिल हैं। पुलिस ने तीनों के खिलाफ हत्या सहित संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
एसएसपी नवनीत सिंह ने पुलिस टीम की सराहना करते हुए कहा कि अपराधियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक राजीव रौथाण, उ.नि. नीरज रावत, उ.नि. बालाराम जोशी, अ.उ.नि. मनोज कुमार, कानि. संजीव यादव, का. उवैदउल्लाह का. संजय पवांर, म.कनि. अनुपमा, का. महिपाल (C.I.U. रूडकी) शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *