हरिद्वार। आगामी कुंभ मेला 2027 की तैयारियों के बीच कुशा घाट मार्ग स्थित पुराने 15 नंबर बिजली घर के स्थान पर नए झूला पुल के निर्माण की मांग को लेकर स्थानीय व्यापारियों और व्यापार मंडल संगठनों ने प्रदर्शन किया। प्रदर्शन पुरानी सब्जी मंडी चौक पर कृषि उत्पादन मंडी समिति के पूर्व अध्यक्ष एवं व्यापारी नेता संजय चोपड़ा के नेतृत्व में किया गया। साथ ही मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को ऑनलाइन ईमेल भेजकर मांग को प्रमुखता से उठाया गया।
व्यापारियों का कहना है कि कुंभ मेला 2027 को देखते हुए इस स्थान पर पुल का निर्माण अत्यंत आवश्यक है। प्रदर्शन के दौरान संजय चोपड़ा ने कहा कि कुंभ मेला 2010 के दौरान भी लोक निर्माण विभाग द्वारा इस स्थान पर पुल निर्माण को लेकर सर्वे किया जा चुका था। उन्होंने कहा कि यदि 15 नंबर बिजली घर के स्थान पर झूला पुल बनाया जाता है तो इससे हरिद्वार की सुंदरता में वृद्धि होगी और चारधाम यात्रा व मेलों के दौरान बाजारों में भीड़ नियंत्रण में भी बड़ी मदद मिलेगी।
उन्होंने कहा कि यह पुल विशेष रूप से मनसा देवी से चंडी देवी जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए बेहद सुविधाजनक साबित होगा, जिससे उनकी यात्रा अधिक सुगम और सुरक्षित हो सकेगी।
मोती बाजार व्यापार मंडल के महामंत्री राजेश खुराना ने कहा कि कुंभ मेला प्रशासन द्वारा गंगा पर दो नए पुलों का निर्माण प्रस्तावित है, जिनमें एक श्री यंत्र मंदिर के सामने और दूसरा खड़खड़ी श्मशान घाट के पास बनाया जा रहा है। उन्होंने मांग उठाई कि तीसरे पुल का निर्माण 15 नंबर बिजली घर के स्थान पर किया जाना नितांत आवश्यक है।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मांग पर शीघ्र निर्णय नहीं लिया गया तो व्यापारियों को और संगठित कर चरणबद्ध आंदोलन चलाया जाएगा।
प्रदर्शन में मोहित गर्ग, राहुल वर्मा, सुंदरलाल राजपूत, संजय भारद्वाज, शोभराज सिंह, अवधेश कोटियाल, राजेश दुआ, संजय बंसल, राधेश्याम रतूड़ी, नितिन, संजय पवार, गोपाल कृष्ण, मनोज, मुकेश और अमित रतूड़ी सहित बड़ी संख्या में व्यापारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *