हरिद्वार / श्यामपुर। हरिद्वार-नजीबाबाद मार्ग स्थित एक होटल में लालढांग मेडिकल एसोसिएशन द्वारा एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में दवाओं के सुरक्षित भंडारण, सरकारी नियमों के कड़ाई से पालन तथा समाज को नशा मुक्त बनाने के संकल्प पर विस्तार से चर्चा की गई।
मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचीं ड्रग इंस्पेक्टर अनीता भारती ने मेडिकल संचालकों को नारकोटिक एवं नशीले पदार्थों से संबंधित दवाओं के सुरक्षित रखरखाव और उनके स्टॉक रजिस्टर को नियमित रूप से अपडेट रखने के सख्त निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि अभिलेखों के संधारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। नियमों का पालन और पारदर्शिता प्रत्येक मेडिकल स्टोर की जिम्मेदारी है।
श्यामपुर कोतवाली के वरिष्ठ उपनिरीक्षक मनोज रावत ने संचालकों से नशा मुक्ति अभियान में पुलिस-प्रशासन का सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि मेडिकल स्टोर संचालक युवाओं को नशे की लत से बचाने में अहम भूमिका निभा सकते हैं।
लालढांग मेडिकल एसोसिएशन के अध्यक्ष मनोज कुमार ने कार्यक्रम का संचालन करते हुए सभी सदस्यों से चिकित्सा क्षेत्र की गरिमा बनाए रखने और नशीली दवाओं के दुरुपयोग के खिलाफ सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
बैठक में क्षेत्र के कई मेडिकल संचालक मौजूद रहे, जिनमें डॉ. बी.के. विश्वास, गौतम सिंह, अमरनाथ, सत्यम सैनी, गगन कर्णवाल, मनीष, श्रीकांत, गौरव और अरमान अंसारी सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *