
हरिद्वार। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर लघु व्यापार एसोसिएशन की ओर से मां गंगा के समीप अलकनंदा घाट पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का संयोजन एसोसिएशन के प्रांतीय अध्यक्ष संजय चोपड़ा ने किया। इस दौरान मां गंगा की पूजा-अर्चना कर वर्षों से घाटों पर बिंदी, चूड़ी, माला, फूल व प्रसाद बेचकर परिवार का पालन-पोषण करने वाली बुजुर्ग महिला स्ट्रीट वेंडर्स को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में संजय चोपड़ा ने कहा कि गंगा घाटों पर छोटे-छोटे कारोबार से परिवार चलाने वाली महिलाओं को आज भी सशक्तिकरण की जरूरत है। उन्होंने पुष्कर सिंह धामी से मांग की कि घाटों और फुटपाथ पर वर्षों से व्यापार कर रही महिला स्ट्रीट वेंडर्स का सर्वे कर उन्हें योजनाबद्ध तरीके से रोजगार की अनुमति दी जाए, ताकि वे सम्मानपूर्वक स्वरोजगार कर सकें।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री महिला उद्यमिता प्रोत्साहन योजना के तहत इन महिलाओं को प्राथमिकता दी जानी चाहिए। इससे उन्हें स्थायी रोजगार के अवसर मिलेंगे और उनका आर्थिक सशक्तिकरण भी संभव होगा।
इस मौके पर लघु व्यापार एसोसिएशन महिला मोर्चा की नगर संयोजक कामिनी मिश्रा ने कहा कि गंगा घाटों पर वर्षों से कारोबार कर रही महिलाओं को अक्सर प्रशासन द्वारा हटाया जाता है, जो उनके लिए अन्यायपूर्ण है। उन्होंने कहा कि समाज कल्याण विभाग द्वारा महिलाओं के लिए कई योजनाएं चलाई जा रही हैं, लेकिन रेहड़ी-पटरी पर कारोबार करने वाली महिलाओं को इनमें शामिल नहीं किया जाता, जो महिला सशक्तिकरण की भावना के विपरीत है।
कार्यक्रम के दौरान कामिनी मिश्रा, पुष्पा दास, इंदिरा देवी, कस्तूरी, सीमा, शांति देवी, कला देवी, मधु, सावित्री, बबली, सुमन गुप्ता, मंजू पाल, सोमवती, तुलसी, राधा, ज्योति देवी, पूनम, विमल और कलादेवी सहित कई महिलाओं को सम्मानित किया गया।
