हरिद्वार। शिवडेल पब्लिक स्कूल, बीएचईएल सेक्टर-1 में पांचवीं सीनियर जिला बास्केटबॉल चैंपियनशिप का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में होमीज क्लब ने शानदार प्रदर्शन करते हुए महिला और पुरुष दोनों वर्गों के खिताब अपने नाम किए। इस उपलब्धि के साथ होमीज क्लब प्रतियोगिता का ऑल ओवर चैंपियन बना।
जिला बास्केटबॉल एसोसिएशन के सचिव संजय चौहान ने बताया कि महिला वर्ग का फाइनल मुकाबला होमीज क्लब और फाइटर क्लब के बीच खेला गया, जिसमें होमीज क्लब ने 45-34 के अंतर से जीत दर्ज की। वहीं पुरुष वर्ग के फाइनल में होमीज क्लब ने डीएवी पब्लिक स्कूल को 67-45 से हराकर चैंपियनशिप पर कब्जा जमाया।
कार्यक्रम के समापन समारोह में मुख्य अतिथि जिला बास्केटबॉल एसोसिएशन के अध्यक्ष ललित नैयर ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और विजेता खिलाड़ियों को आशीर्वाद देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि खेलने से शरीर स्वस्थ और रोगमुक्त रहता है। इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को खेल को अपने जीवन का हिस्सा बनाना चाहिए। खिलाड़ी खेल के मैदान में पसीना बहाकर अपनी प्रतिभा और क्षमता का प्रदर्शन करते हैं।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। प्रदेश के कई प्रतिभाशाली खिलाड़ी राष्ट्रीय टीमों में खेलकर उत्तराखंड और देश का नाम रोशन कर रहे हैं।
विशिष्ट अतिथि जिला बास्केटबॉल एसोसिएशन के चेयरमैन रवि बजाज ने कहा कि उत्तराखंड सरकार खेलों को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित कर रही है। इन योजनाओं से खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं मिल रही हैं और वे राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना रहे हैं। आज खेलों के क्षेत्र में उत्तराखंड अपनी अलग पहचान स्थापित कर रहा है।
इस अवसर पर सांसद प्रतिनिधि अनिल पुरी, शिवडेल स्कूल के प्रधानाचार्य पुनीत श्रीवास्तव, भाजपा खेल प्रकोष्ठ के जिला संयोजक योगेश शर्मा, डॉ. हरीश चौहान, तकनीकी अध्यक्ष आलोक चौधरी, इंद्रेश गौड़, लक्ष्य शर्मा, मनोरंजन शर्मा, वैभव चौधरी, आकांक्षा शर्मा, गिरीश घड़ियाल और मयंक कुमार सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *