
हरिद्वार। कुंभ मेला-2027 के आयोजन से पूर्व हरिद्वार में रेड़ी-पटरी के स्ट्रीट वेंडर्स एवं लघु व्यापारियों को व्यवस्थित करने और वेंडिंग जोन में मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में नगर निगम ने कार्रवाई तेज कर दी है। इसी क्रम में नगर आयुक्त नंदन कुमार ने नगर निगम के प्रशासनिक अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ ललतारौ पुल-चंडी चौक मार्ग स्थित प्रथम वेंडिंग जोन का स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने वेंडिंग जोन के सभी लाभार्थियों को नगर निगम द्वारा निर्धारित सीमाओं के भीतर ही कारोबार करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि वेंडिंग जोन में किसी भी प्रकार का अनावश्यक अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। साथ ही नगर निगम के साथ किए गए अनुबंध की शर्तों का पालन करने और तंबाकू, गुटखा सहित प्रतिबंधित वस्तुओं की बिक्री न करने की सख्त चेतावनी दी।
इस दौरान लघु व्यापार एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष संजय चोपड़ा ने नगर निगम द्वारा विकसित किए गए तीन वेंडिंग जोन में मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग उठाई। उन्होंने वेंडिंग जोन में सीसीटीवी कैमरे लगाने, प्रांगण के फर्श का पुनर्निर्माण कराने, स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था करने तथा कुंभ मेला-2027 के अंतर्गत प्रस्तावित विकास कार्यों में वेंडिंग जोन को भी शामिल करने की मांग की।
नगर आयुक्त नंदन कुमार ने वेंडिंग जोन में साफ-सफाई व्यवस्था बेहतर बनाए रखने और डेंगू के बढ़ते प्रकोप की रोकथाम के लिए संबंधित विभागीय अधिकारियों को तत्काल कीटनाशक रसायनों का छिड़काव कराने के निर्देश दिए। वहीं, निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता को वेंडिंग जोन की सीमाएं निर्धारित करने तथा आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी लाभार्थियों से स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील भी की।
इस अवसर पर संजय चोपड़ा ने दीनदयाल उपाध्याय पार्किंग के नजदीक नगर निगम द्वारा विकसित किए जा रहे पांचवें वेंडिंग जोन के लाभार्थियों को सूचीबद्ध कर कारोबार की अनुमति देने की मांग की। इसके साथ ही पंतद्वीप पार्किंग, विष्णु घाट और ललतारौ घाट क्षेत्र में नगर निगम में पूर्व से पंजीकृत रेड़ी-पटरी के स्ट्रीट वेंडर्स को छठे वेंडिंग जोन के रूप में व्यवस्थित एवं स्थापित करने की कार्रवाई प्राथमिकता से पूरी करने का आग्रह किया।
उन्होंने कहा कि कुंभ मेला-2027 के दृष्टिगत लघु व्यापारियों को व्यवस्थित रूप से कारोबार के अवसर उपलब्ध कराने के साथ वेंडिंग जोन में आवश्यक सुविधाओं का विकास किया जाना जरूरी है।
निरीक्षण के दौरान नगर निगम के वरिष्ठ लिपिक एवं समिति प्रभारी शिव सिंह चौहान, मोहनलाल, मनीष शर्मा, ओमप्रकाश भाटिया, सोनू कुमार, कमल सिंह, उज्ज्वल सिरोही, श्याम कुमार, गजेंद्र सिंह, सुनील कुकरेती, फूल सिंह सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
