हरिद्वार। खराब मौसम और प्रतिकूल परिस्थितियों के बावजूद गंगा को स्वच्छ एवं निर्मल बनाए रखने का संकल्प कमजोर नहीं पड़ा। नगर आयुक्त नंदन कुमार के नेतृत्व में नगर निगम हरिद्वार की ओर से कुशावर्त घाट पर विशेष गंगा स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान में नगर निगम के अधिकारियों, कर्मचारियों, स्वयंसेवियों और पर्यावरण मित्रों ने मिलकर सफाई कार्य किया। इस दौरान करीब आठ टन कचरा एकत्र कर हटाया गया।
अभियान का उद्देश्य गंगा घाटों को स्वच्छ बनाए रखने के साथ ही आमजन और श्रद्धालुओं को स्वच्छता के प्रति जागरूक करना रहा। नगर आयुक्त नंदन कुमार ने अभियान में शामिल सभी लोगों के प्रयासों की सराहना करते हुए गंगा और उसके घाटों की स्वच्छता बनाए रखने में सामूहिक भागीदारी को महत्वपूर्ण बताया।
सफाई अभियान में नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पवन कार्की, सहायक नगर आयुक्त प्रशांत पांडे, सुनील मेहर, अंजली चंद, मुख्य सफाई निरीक्षक संजय शर्मा, सफाई निरीक्षक धीरेंद्र सेमवाल, अनिल कुमार और आकाश कुमार सहित नगर निगम के बड़ी संख्या में कर्मचारी शामिल रहे।
नगर निगम की टीम ने अभियान के दौरान घाट परिसर और आसपास के क्षेत्रों से कचरा एकत्र किया। नगर निगम ने गंगा स्वच्छता के लिए इस तरह के प्रयासों को निरंतर जारी रखने और नागरिकों से भी घाटों पर गंदगी न फैलाने की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *