
हरिद्वार। रविवार को शिक्षक दिवस के अवसर पर वसुधैव कुटुम्बकम् फाउंडेशन रजि. एवं ब्लड वालंटियर्स हरिद्वार के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को रानीपुर मोड़ स्थित होटल में आयोजित स्वैच्छिक रक्तदान शिविर में बारिश भी लोगों के हौसले और सेवा भावना को नहीं रोक सकी। शहर में हल्की बारिश के बावजूद रक्तदाताओं के शिविर स्थल पर पहुंचने का सिलसिला लगातार जारी रहा। शिविर में कुल 175 लोगों ने सहभागिता दर्ज कराई, जबकि 116 लोगों ने सफलतापूर्वक रक्तदान यूनिट रक्त एकत्रित कराया। रक्तदाताओं की लगातार बढ़ती संख्या और उत्साह को देखते हुए शिविर का निर्धारित समय भी बढ़ाना पड़ा। शिविर का समय दोपहर 3:00 बजे तक निर्धारित था, लेकिन लोगों के लगातार पहुंचने के कारण इसे बढ़ाकर शाम 4:00 बजे तक किया गया। निर्धारित समय समाप्त होने के बाद भी रक्तदान के लिए लोगों का उत्साह कम नहीं हुआ लगभग 50 से अधिक लोगों को निराशा के साथ वापस लौटना पड़ा और शाम तक शिविर में रक्त संग्रह की प्रक्रिया जारी रही।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक, अंजू सचदेवा एवं करण मल्होत्रा उपस्थित रहे। अतिथियों ने रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करते हुए आयोजकों के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि रक्तदान मानवता की सेवा का ऐसा पुनीत कार्य है, जिससे किसी जरूरतमंद व्यक्ति को जीवनदान मिल सकता है। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों से नियमित रूप से स्वैच्छिक रक्तदान करने का आह्वान किया।
वसुधैव कुटुम्बकम् फाउंडेशन की अध्यक्ष रेनू अरोड़ा ने कहा कि आज का दिन संस्था और पूरी टीम के लिए बेहद संतोष एवं गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि खराब मौसम के बावजूद जिस तरह लोगों ने शिविर में पहुंचकर रक्तदान किया, वह समाज में बढ़ती सेवा भावना और जागरूकता का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि 175 लोगों का शिविर तक पहुंचना और 116 लोगों का सफलतापूर्वक रक्तदान करना हमारे लिए बेहद उत्साहजनक है। जॉली ग्रांट की टीम के ब्लड कलेक्शन बैग खत्म हो जाना और उसके बाद संजीवनी ब्लड बैंक से दूसरी टीम बुलानी पड़ना इस बात का प्रमाण है कि लोगों का उत्साह हमारी अपेक्षा से कहीं अधिक रहा। यहां तक कि निर्धारित समय दोपहर 3 बजे के बाद भी लोग रक्तदान के लिए आते रहे, जिसके चलते शिविर को शाम 4 बजे तक बढ़ाना पड़ा। यह हमारे लिए खुशी और गर्व का विषय है। रेनू अरोड़ा ने कहा कि शिविर का उद्देश्य केवल रक्त एकत्र करना नहीं, बल्कि समाज में स्वैच्छिक रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना और अधिक से अधिक लोगों को इस नेक कार्य से जोड़ना भी है। उन्होंने कहा कि जो लोग किसी कारणवश इस शिविर में रक्तदान नहीं कर पाए, वे आगामी शिविरों में आगे आएं और अपने परिवार, मित्रों एवं परिचितों को भी रक्तदान के लिए प्रेरित करें।
शिविर के सफल आयोजन में निधि अग्रवाल, प्रीति आहूजा, विनीता सिकोरिया, सोनिया अरोड़ा, निधि चावला, संगीता आहूजा, पूजा अरोड़ा, रुचि तनेजा, पूजा मेहता, सोनिया भाटिया, रुचि अरोड़ा, श्रद्धा बेदी एवं रगोरीका मेहता सहित पूरी टीम का महत्वपूर्ण योगदान रहा। वहीं ब्लड वालंटियर्स हरिद्वार की टीम से अनिल अरोड़ा, अंकित नेगी, तुषार गाबा, विक्रम गुलाटी, नवदीप अरोड़ा, आशीष धीमान, सुमित बंसल एवं शेखर सतीजा ने शिविर की व्यवस्थाओं और रक्तदाताओं के सहयोग में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
