
हरिद्वार। सीबीएसई बास्केटबॉल क्लस्टर-19 चैम्पियनशिप में डीएवी पब्लिक स्कूल, जगजीतपुर, हरिद्वार के अंडर-14 वर्ग के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विद्यालय का नाम रोशन किया। प्रतियोगिता का आयोजन 16 से 21 अगस्त 2026 तक दिव्या पब्लिक स्कूल, थानाभवन, दिल्ली-सहारनपुर रोड, शामली में किया गया।
प्रतियोगिता में डीएवी जगजीतपुर की अंडर-14 टीम ने बेहतरीन खेल कौशल, अनुशासन और टीम भावना का प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक के साथ द्वितीय रनर-अप ट्रॉफी अपने नाम की।
टीम में अमोघ पाण्डेय, अध्ययन पंवार, तेजस शर्मा, आदित्य ममगई, पीयूष बिष्ट, आदित्य प्रताप, भौमिक रावत, वंश गुप्ता, माधव चौहान और धैर्य मिश्रा शामिल रहे। खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता के दौरान शानदार प्रदर्शन कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य मनोज कुमार कपिल ने टीम की उपलब्धि पर खिलाड़ियों, उनके अभिभावकों और कोच को बधाई दी। उन्होंने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि निरंतर मेहनत, अनुशासन और खेल भावना के साथ बच्चे भविष्य में भी विद्यालय एवं क्षेत्र का नाम रोशन करेंगे।
विद्यालय परिवार ने खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें आगामी प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएं दीं।
