हरिद्वार। सुराज सेवा दल के प्रदेश अध्यक्ष रमेश जोशी ने अपनी मांगों को लेकर एसपी देहात शेखर चंद सुयाल को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार नवनीत सिंह के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से रमेश जोशी ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार नवनीत सिंह की निष्पक्ष, पारदर्शी एवं कर्तव्यनिष्ठ कार्यशैली की सराहना करते हुए उनसे जनपद से जुड़े दो महत्वपूर्ण मामलों में हस्तक्षेप की मांग की है। ज्ञापन में उन्होंने कहा कि एसएसपी नवनीत सिंह ने एसटीएफ सहित विभिन्न जिम्मेदारियों के दौरान अपनी ईमानदार एवं प्रभावी कार्यप्रणाली से जनता और विभाग के बीच एक अलग पहचान बनाई है तथा उन्हें विश्वास है कि वह इस मामले में भी निष्पक्ष निर्णय लेंगे।
ज्ञापन में रमेश जोशी ने पुलिस मुख्यालय एवं डीजीपी द्वारा जारी आदेशों का उल्लेख करते हुए कहा कि बुग्गावाला थाना को छोड़कर जनपद के अन्य सभी थानों में एसएचओ को प्रभार दिए जाने के निर्देश जारी किए गए हैं, लेकिन इसके बावजूद कुछ थानों में अभी भी एसओ की नियुक्ति बनी हुई है। उन्होंने कहा कि इससे आमजन के बीच भ्रम की स्थिति पैदा हो रही है तथा शासन और पुलिस मुख्यालय के आदेशों के समान अनुपालन पर सवाल उठ रहे हैं। उन्होंने इस व्यवस्था में स्पष्टता लाने और आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।
इसके साथ ही उन्होंने थाना पथरी में दर्ज एक क्रॉस एफआईआर को लेकर भी गंभीर सवाल उठाए हैं। ज्ञापन में कहा गया है कि उपलब्ध वीडियो साक्ष्यों में एक पक्ष स्पष्ट रूप से विवाद और मारपीट करता दिखाई दे रहा है, जिसमें एक प्रधान प्रतिनिधि की भूमिका भी सामने आ रही है। इसके बावजूद मुकदमा दर्ज करने में विलंब हुआ तथा प्रभावशाली व्यक्तियों के दबाव में क्रॉस एफआईआर दर्ज किए जाने की आशंका व्यक्त की गई है।
जोशी ने दावा किया कि जिन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है, उनके घटना स्थल पर मौजूद होने के कोई ठोस साक्ष्य नहीं हैं और घटना के समय उनके अन्य स्थानों पर होने के प्रमाण उपलब्ध हैं। उन्होंने संबंधित वीडियो और अन्य साक्ष्य भी जांच के लिए उपलब्ध कराने की बात कही है।
ज्ञापन के माध्यम से उन्होंने एसएसपी से पूरे प्रकरण की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराने, मामले में किसी पुलिस अधिकारी अथवा अन्य व्यक्ति की भूमिका संदिग्ध पाए जाने पर उसके विरुद्ध कठोर विभागीय एवं विधिक कार्रवाई करने की मांग की है। साथ ही उन्होंने ऐसे अधिकारियों के स्थानांतरण पर विचार करने का भी अनुरोध किया है, जिससे भविष्य में किसी प्रकार की विवादास्पद स्थिति उत्पन्न न हो और पुलिस प्रशासन के प्रति जनता का विश्वास बना रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *