हरिद्वार। भारत के पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय राजीव गांधी की पुण्यतिथि पर बुधवार को मध्य हरिद्वार स्थित ऋषिकुल कार्यालय में कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं नेताओं ने उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर आयोजित संगोष्ठी में वक्ताओं ने राजीव गांधी के राजनीतिक जीवन, दूरदर्शी सोच, तकनीकी क्रांति और युवाओं को सशक्त बनाने में उनके योगदान को विस्तार से याद किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
संगोष्ठी को संबोधित करते हुए वरिष्ठ कांग्रेस नेता सोम त्यागी और मनोज सैनी ने कहा कि 21 मई भारतीय राजनीति और लोकतंत्र के इतिहास का एक बेहद भावुक दिन है। इसी दिन वर्ष 1991 में देश ने अपने एक युवा, दूरदर्शी और आधुनिक सोच वाले नेता को खो दिया था। उन्होंने कहा कि राजीव गांधी केवल एक राजनेता नहीं थे, बल्कि आधुनिक भारत के निर्माण की मजबूत सोच रखने वाले दूरदर्शी जननायक थे।
उन्होंने कहा कि जब वर्ष 1984 में मात्र 40 वर्ष की आयु में राजीव गांधी ने देश के सबसे युवा प्रधानमंत्री के रूप में कार्यभार संभाला, तब देश कई चुनौतियों से जूझ रहा था। बावजूद इसके उन्होंने देश को नई तकनीक और आधुनिक विकास की दिशा में आगे बढ़ाने का काम किया। वक्ताओं ने कहा कि आज देश जिस डिजिटल इंडिया, मोबाइल क्रांति और सूचना प्रौद्योगिकी के युग में आगे बढ़ रहा है, उसकी नींव राजीव गांधी ने ही रखी थी।
वक्ताओं ने कहा कि उस दौर में जब लोग कंप्यूटर और नई तकनीक को रोजगार के लिए खतरा मान रहे थे, तब राजीव गांधी ने आने वाले समय की जरूरत को समझते हुए देश में कंप्यूटर और दूरसंचार क्रांति की शुरुआत की। उन्होंने सैम पित्रोदा के साथ मिलकर सूचना प्रौद्योगिकी और दूरसंचार के क्षेत्र में कई ऐतिहासिक फैसले लिए, जिनका लाभ आज पूरा देश उठा रहा है। इस दौरान राजीव गांधी के उस प्रसिद्ध कथन का भी उल्लेख किया गया, जिसमें उन्होंने कहा था कि “भारत एक पुराना देश है, लेकिन एक युवा राष्ट्र है और मेरा सपना भारत को मजबूत, स्वतंत्र और आत्मनिर्भर बनाना है।”
संजय सैनी और पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष विकास चंद्रा ने कहा कि राजीव गांधी ने युवाओं की शक्ति पर भरोसा करते हुए मतदान की आयु 21 वर्ष से घटाकर 18 वर्ष की, जिससे देश के करोड़ों युवाओं को लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भागीदारी का अधिकार मिला। उन्होंने कहा कि यह फैसला भारतीय लोकतंत्र को और अधिक मजबूत बनाने वाला साबित हुआ।
उन्होंने कहा कि राजीव गांधी ने सत्ता के विकेंद्रीकरण पर विशेष बल दिया और पंचायत राज व्यवस्था को मजबूत कर लोकतंत्र को गांव और आम जनता तक पहुंचाने का कार्य किया। आज पंचायतों को जो अधिकार प्राप्त हैं, उसमें राजीव गांधी की सोच और प्रयासों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
नवनिर्वाचित युवा कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष गौरव चौहान और महानगर महासचिव सार्थक ठाकुर ने कहा कि राजीव गांधी ने ग्रामीण क्षेत्रों के प्रतिभाशाली बच्चों को बेहतर और निःशुल्क शिक्षा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जवाहर नवोदय विद्यालयों की शुरुआत की। उन्होंने कहा कि राजीव गांधी का जीवन युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है। कठिन परिस्थितियों में भी उन्होंने देशहित को सर्वोपरि रखा और आधुनिक भारत के निर्माण के लिए लगातार कार्य किया।
वक्ताओं ने कहा कि देश की एकता, अखंडता और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए राजीव गांधी ने अपने प्राणों का बलिदान दिया। उनके इसी बलिदान की स्मृति में पूरे देश में 21 मई को ‘आतंकवाद विरोधी दिवस’ के रूप में मनाया जाता है, जो समाज को शांति, सद्भाव और राष्ट्रीय एकता का संदेश देता है।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राजीव गांधी के आदर्शों पर चलने और उनके बताए मार्ग पर देश एवं समाज की सेवा करने का संकल्प लिया।
श्रद्धांजलि कार्यक्रम में अनंत पांडेय, धर्मराज सैनी, जवाहर चावला, दीपक कोरी, राजू चित्कारा, नितिन कश्यप, सागर बेनीवाल, देवेंद्र गैरोला, पुष्पनाथ शर्मा, राहुल चौहान, राजबीर सैनी, अवनीश राठौर, सोम पाल, आनंद राठौर, चन्दन शर्मा, कमल सैनी, जावेद आलम, मुकुल शर्मा, सूरज कश्यप, पप्पू राम, शिवम बाल्मीकि, सागर राजपूत, राजीव जोशी, तीर्थ भाटिया, सतीश प्रजापति सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *