
हरिद्वार। जीवाश्म ईंधनों के न्यूनतम उपयोग एवं पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन) हरिद्वार निखिल शर्मा शनिवार को अपने आवास से साइकिल चलाकर कार्यालय पहुंचे। उन्होंने इस पहल के माध्यम से जनपदवासियों को ईंधन बचत, पर्यावरण संरक्षण और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।
निखिल शर्मा ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा देशवासियों से पर्यावरण संरक्षण एवं जीवाश्म ईंधनों के कम उपयोग का आह्वान किया गया है। इसी क्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी तथा परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा ने भी प्रदेशवासियों से ईंधन बचत एवं पर्यावरण-अनुकूल जीवनशैली अपनाने की अपील की है।
उन्होंने कहा कि जिलाधिकारी हरिद्वार मयूर दीक्षित द्वारा भी अधिकारियों को छोटी दूरी के लिए पैदल अथवा साइकिल का प्रयोग करने हेतु प्रेरित किया गया तथा स्वयं भी पैदल कार्यालय जाकर एक सकारात्मक उदाहरण प्रस्तुत किया गया। जिलाधिकारी से प्रेरणा लेते हुए उन्होंने स्वयं साइकिल से कार्यालय पहुंचकर एक सकारात्मक संदेश देने का प्रयास किया।
एआरटीओ निखिल शर्मा ने कहा कि छोटी दूरी के लिए साइकिल अथवा पैदल चलने की आदत न केवल पर्यावरण संरक्षण में सहायक है, बल्कि स्वास्थ्य के लिए भी बेहद लाभकारी है। उन्होंने जनपदवासियों से अधिक से अधिक पर्यावरण-अनुकूल विकल्प अपनाने की अपील की।
