
हरिद्वार। नगर आयुक्त, नगर निगम हरिद्वार के निर्देशों के क्रम में गुरुवार को नगर निगम परिसर में शिकायत प्रबंधन विषय पर एक प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन ह्यूमेन वर्ल्ड फॉर एनिमल्स इंडिया के सहयोग से किया गया, जिसमें आवारा कुत्तों से संबंधित शिकायतों के प्रभावी निस्तारण एवं जनजागरूकता पर विस्तार से चर्चा की गई।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में आवारा कुत्तों से जुड़ी शिकायतों के प्रकार, कुत्ते के काटने अथवा रेबीज संबंधी शिकायत प्राप्त होने पर नगर निगम एवं समुदाय द्वारा उठाए जाने वाले आवश्यक कदमों की जानकारी दी गई। विशेषज्ञों ने बताया कि ऐसी परिस्थितियों में त्वरित कार्रवाई और जनसहभागिता बेहद महत्वपूर्ण है।
कार्यक्रम के दौरान समुदाय में आवारा कुत्तों के प्रति जागरूकता बढ़ाने, उनके प्रति मानवीय व्यवहार अपनाने तथा शिकायतों के व्यवस्थित प्रबंधन को लेकर भी अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रशिक्षित किया गया।
इस अवसर पर वरिष्ठ नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. गंभीर सिंह तलियान, उप वरिष्ठ पशुचिकित्सा अधिकारी डॉ. अशोक कुमार, चीफ सैनिटरी इंस्पेक्टर श्रीकांत, पर्यावरण पर्यवेक्षक, डॉ. नीरज, डॉ. बिन्नी पनौली, सुचिता रावत एवं पूजा भट्ट सहित ह्यूमेन वर्ल्ड फॉर एनिमल्स इंडिया की टीम उपस्थित रही।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में नगर निगम के संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सहभागिता करते हुए शिकायत प्रबंधन और जनजागरूकता से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं।
