
हरिद्वार। उत्तराखंड प्रदेश में रेड़ी-पटरी एवं स्ट्रीट वेंडर्स लघु व्यापारियों के संगठन लघु व्यापार एसो के त्रिवार्षिक चुनाव आगामी 15 मई को कराए जाएंगे। चुनाव प्रक्रिया को निष्पक्ष एवं लोकतांत्रिक ढंग से संपन्न कराने के लिए संगठन की कार्यसमिति द्वारा सात सदस्यीय चुनाव समिति का गठन किया गया है।
समिति में अनिल शर्मा को चुनाव पर्यवेक्षक तथा राजीव पराशर को संयोजक बनाया गया है। इसके अलावा तेज प्रकाश साहू, संजय बंसल, कमल कुमार, लालचंद गुप्ता एवं संरक्षक पंडित चंद्र प्रकाश शर्मा को समिति में शामिल किया गया है। यह समिति आगामी तीन वर्षों के लिए संगठन के पदाधिकारियों का चुनाव कराएगी।
चुनाव पर्यवेक्षक अनिल शर्मा ने बताया कि 14 मई तक संगठन की सदस्यता अभियान चलाया जाएगा, जिसके तहत सभी क्षेत्रों में फेरी-पटरी के लघु व्यापारियों को सदस्य बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि 15 मई को लोकतांत्रिक प्रक्रिया के तहत अध्यक्ष, महामंत्री और कोषाध्यक्ष पदों के लिए नामांकन लिए जाएंगे। इसके बाद मतदान की समय-सारणी तय की जाएगी।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2022 से संगठन लगातार उत्तराखंड प्रदेश के रेड़ी-पटरी व्यापारियों के अधिकारों के लिए संघर्ष कर रहा है। संगठन के प्रयासों के परिणामस्वरूप मई 2022 में उत्तराखंड शासन द्वारा नगरीय फेरी नीति नियमावली का शासनादेश प्रदेश के सभी निकायों में लागू किया गया।
अनिल शर्मा ने प्रदेश के सभी लघु व्यापारियों से अपील करते हुए कहा कि अधिक से अधिक संख्या में संगठन की सदस्यता लेकर संगठन को मजबूत बनाएं, ताकि भविष्य में भी व्यापारियों के अधिकारों की आवाज बुलंद की जा सके।
वहीं संगठन अध्यक्ष संजय चोपड़ा ने बताया कि चुनाव प्रक्रिया को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए नियुक्त सभी समिति सदस्यों को नियुक्ति पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा।
